जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : गढ़वाल वन प्रभाग पौड़ी की पश्चिमी अमेली वन रेंज दमदेवल तथा सिविल सोयम नौगांवखाल की संयुक्त पहल पर पब्लिक इण्टर कालेज सुरखेत में वन्य जीव सप्ताह के अन्तर्गत क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में आदर्श और सीनियर वर्ग में रौनक ने प्रथम स्थान हासिल किया।
शनिवार को आयोजित क्विज प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में आदर्श, कनिष्का कैंथोला, गौरी, सीनियर वर्ग में रौनक, अंकित नेगी और सुमित सिंह ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। वन्य जीव सप्ताह के तहत आयोजित गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य पुष्कर सिंह नेगी ने कहा कि वन्य जीव-जन्तुओं और पेड़-पौधों की सुरक्षा, विलुप्तप्राय प्रजातियों के संरक्षण तथा धरती की जैव विविधता को बचाए रखने के लिए प्रत्येक वर्ष 01 से 07 अक्टूबर तक वन्य जीव सप्ताह के रूप में मनाया जाता है। पश्चिमी अमेली वन रेंज दमदेवल के वन वीट अधिकारी गौरव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मानव, पर्यावरण और वन्य जीव एक दूसरे से किसी न किसी रूप में जुड़े होते हैं। वन और वन्य जीवों को भारतीय संविधान की समवर्ती सूची में रखा गया है। वर्ष 1927 में भारतीय वन अधिनियम अस्तित्व में आया, जिसके प्रावधानों के अनुसार वन्य जीवों का शिकार और वनों की अवैध कटाई को दण्डनीय अपराध घोषित किया गया है। इस अवसर पर सिविल सोयम के वन दरोगा महावीर सिंह गुसांई, वन वीट अधिकारी दर्शन सिंह, सौरभ, विनोद पूरी, अमेली वन रेंज के वन वीट अधिकारी सुशील राही, गौरव कुमार, रोहित नेगी, पदमेन्द्र सिंह, हरेन्द्र गुसांई के साथ ही विद्यालय के शिक्षक प्रमोद कुमार रमोला, डॉ. रामेन्द्र भंडारी, प्रकाश चन्द्र कैंथोला, नीरज रमोला, प्रमोद रावत, कार्यालय कार्मिक मनवर सिंह चौहान, प्रेम सिंह, यशपाल रमोला, नरेन्द्र राणा, सतेन्द्र सिंह, आदि मौजूद रहे।