टनकपुर और नैनीताल के लिए बढ़ानी पड़ी अतिरिक्त बसें

Spread the love

हल्द्वानी। त्योहारी सीजन में यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। दशहरा त्योहार पर टनकपुर के लिए हल्द्वानी से यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण शुक्रवार को रोडवेज की चार अतिरिक्त बसें इस रूट पर भेजी गईं। वहीं दोपहर के समय नैनीताल के लिए भी पर्याप्त बसें नहीं होने से यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। विजयदशमी और अगले दिन रविवार पड़ने के कारण दो दिन का अवकाश है। इस कारण बड़ी संख्या में लोग घर जा रहे हैं या फिर तीन दिन के वीकेंड की वजह से पर्यटक स्थलों के लिए लोग आ रहे हैं। इससे रोडवेज की बसों में भी यात्री बढ़ने लगे हैं। शुक्रवार को दोपहर तक हल्द्वानी बस अड्डे से टनकपुर के लिए यात्रियों की संख्या काफी अधिक रही। दरअसल, उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में कामकाज करने वाले नेपाल मूल के लोग दशहरा त्योहार के लिए खासी तादाद में घर लौट रहे हैं। शुक्रवार को दोपहर तक बस अड्डे में टनकपुर जाने वाले यात्री काफी संख्या में रहे। इसे देखते हुए हल्द्वानी डिपो प्रबंधन ने चार अतिरिक्त बसें टनकपुर के लिए भेजीं। वहीं दोपहर के समय नैनीताल के लिए भी यात्री बसों का इंतजार करते नजर आए। जिसके बाद नैनीताल के लिए भी बसें लगाईं। हल्द्वानी डिपों के एआएम सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि टनकपुर रूट के लिए यात्री ज्यादा होने के कारण चार अतिरिक्त बसें भेजी गईं। वहीं नैनीताल के लिए दोपहर में फेरे बढ़ाए गए।
दिल्ली से आने वाली वॉल्वो और एसी बसें पैक
दो दिन की लगातार छुट्टी होने से रोडवेज को भी अच्छा राजस्व हासिल हो रहा है। शुक्रवार की रात दिल्ली से हल्द्वानी आने वाली एसी और वॉल्वो बसें शाम तक पैक हो गई थीं। जबकि देर रात को आने वाली साधारण बसों में भी सीटें फुल थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *