नव वर्ष पर नोएडा से कोटद्वार के लिए चलेगी अतिरिक्त बसें

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नए साल में नोएडा से कोटद्वार के लिए स्पेशल बसों का संचालन किया जाएगा। इससे पहाड़ घूमने के लिए आने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी। कोटद्वार के साथ ही हरिद्वार, देहरादून व हल्द्वानी के लिए भी अतिरिक्त बसों का संचालन किया जा रहा है।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा डिपो में 305 बसें हैं। इसमें नोएडा डिपो की 188 बसें शामिल हैं। डिपो की सभी बसें साधारण और सीएनजी से चलने वाली हैं। डिपो से तमाम शहरों के लिए बसे चलती हैं। सभी बसों में ऑनलाइन टिकट बुक करने की सुविधा है। डिपो की अपनी वातानुकूलित बसें नहीं हैं। अन्य डिपों की वातानुकूलित बसें नोएडा डिपो होकर निकलती हैं। इसमें आगरा, मथुरा, लखनऊ और गोरखपुर की वातानुकूलित बस शामिल है। पर्वतीय इलाकों में नोएडा डिपो से हरिद्वार, कोटद्वार, हरिद्वार और हल्द्वानी के लिए बस चलती है। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम गौतमबुद्ध नगर के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार ने कहा कि हरिद्वार के लिए चार, कोटद्वार के लिए चार, देहरादून के लिए एक और हल्द्वानी के लिए एक बस चलाई जा रही है। मंगलवार से प्रत्येक शहर के लिए 2 से 3 अतिरिक्त बसें चलेंगी।

दिल्ली से पकड़े वातानुकूलित बसें
हरिद्वार, कोटद्वार, हल्द्वानी और देहरादून के लिए वातानुकूलित बसें दिल्ली और गाजियाबाद के बस अड्डे से चलती हैं। जिन यात्रियों को इन शहरों के लिए वातानुकूलित बस में सफर करना होगा, उन्हें दिल्ली और गाजियाबाद के बस अड्डे को रुख करना होगा। अधिकारियों ने बताया कि यह बसें नोएडा डिपो होकर नहीं निकलती हैं। ऐसे में यहां से यात्रियों को इनकी सुविधा नहीं मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *