देहरादून()। ईरान-इजराइल युद्ध की वजह से उपजे प्राकृतिक गैस के संकट के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में घरेलू रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। शुक्रवार को विधानसभा परिसर के बाहर मीडिया कर्मियों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लगातार केंद्र सरकार और तेल कंपनियों के संपर्क में है। उपभोक्ताओं की आवश्यकता के अनुसार गैस की लगातार आपूर्ति हो रही है। तेल कंपनियों के स्थानीय गोदामों में गैस का पर्याप्त स्टॉक है। इसकी लगातार समीक्षा की जा रही है।मुख्चमंत्री ने अपील की कि लोग अनावश्यक परेशान न हों। कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। गैस एजेंसियों के गोदामों का भी नियमित रूप से मुआयना किया जा रहा है। मुख्यसचिव को हालात की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। बकौल धामी, मैं स्वयं भी लगातार खाद्य विभाग के अधिकारियों और सभी जिलों के डीएम से अपडेट ले रहा हूं।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रत्येक घर को उसकी आवश्यकता के अनुसार रसोई गैस उपलब्ध कराने को प्रतिबद्ध है। प्रदेश में वर्तमान में गैस के संकट की स्थिति नहीं है। मैं स्वयं भी लगातार इसकी समीक्षा कर रहा हूं। जमाखोरी-कालाबाजारी करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।