वनाग्नि रोकथाम को लेकर प्रशासन सतर्क

Spread the love

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने की महत्वपूर्ण बैठक
जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : जनपद में बढ़ते तापमान के साथ वनाग्नि की संभावित घटनाओं को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में वन विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वनाग्नि की घटनाओं की रोकथाम तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वनाग्नि की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर से लेकर ब्लॉक स्तर तक लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान संचालित किए जाएं, ताकि ग्रामीणों को वनाग्नि से होने वाले नुकसान और उससे बचाव के उपायों की जानकारी मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों तथा ग्राम सभाओं की भी इसमें सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। बैठक के दौरान वन संरक्षक रजत सुमन ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में वनाग्नि की रोकथाम और त्वरित नियंत्रण के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। इसके तहत विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में कुल 64 क्रू स्टेशन स्थापित किए गए हैं। इन क्रू स्टेशनों पर प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जो किसी भी वनाग्नि की घटना पर तुरंत कार्रवाई कर सकें। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त क्विक रिस्पॉन्स टीमों का भी गठन किया गया है, जो वनाग्नि सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर पर काबू पाने का कार्य करेंगी। साथ ही वन क्षेत्रों में नियमित गश्त के लिए गश्ती टीमों को भी सक्रिय किया गया है, ताकि समय रहते वनाग्नि की घटनाओं को रोका जा सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया, अधिशासी अभियंता जल संस्थान अनीश पिल्लई, अधिशासी अभियंता जल निगम नवल कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *