जिले की नदियों के संरक्षण को लेकर प्रशासन सख्त

Spread the love

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बायो-टॉयलेट, नालों की टैपिंग व विशेष सफाई अभियान के निर्देश
जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला सभागार में जिला गंगा संरक्षण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में नदियों के संरक्षण हेतु संचालित विभिन्न कार्यक्रमों एवं विशेष रूप से नमामि गंगे के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सीवर ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की प्रगति, नदियों की साफ-सफाई की स्थिति तथा टैप एवं अनटैप नालों की अद्यतन स्थिति की जानकारी संबंधित विभागों से प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन नालों की टैपिंग शेष है, उनके लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही यात्रा मार्ग पर शौचालयों की स्थिति का आकलन करते हुए आवश्यकतानुसार डीपीआर तैयार कर शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा। जिलाधिकारी ने आगामी केदारनाथ यात्रा को दृष्टिगत रखते हुए यात्रा मार्ग पर बायो-टॉयलेट्स की पर्याप्त स्थापना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें और नदियों के प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि नदियों को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनपद में विशेष सफाई अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपशिष्ट प्रबंधन की वर्तमान व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्हें और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने पर बल दिया गया। साथ ही, जनपद में रिवर फ्रंट विकसित करने हेतु जिलाधिकारी ने उपयुक्त स्थलों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए, ताकि वहां प्रतिदिन सायं काल विधिवत आरती का आयोजन किया जा सके और पर्यटकों तथा स्थानीय नागरिकों को जनपद की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता का सजीव अनुभव प्राप्त हो सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, उप वन संरक्षक रजत सुमन, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, उप जिलाधिकारी जखोली अनिल रावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *