उत्तरकाशी()। जिला मुख्यालय सहित जनपद के विभिन्न जगहों पर रसोई गैस सिलिंडर के लिए लंबी कतारें लगने का सिलसिला जारी है। सिलिंडरों के लिए स्थानीय स्तर पर इंडेन गैस, भारत गैस और एचपी गैस एजेंसियों के सामने लोगों की लंबी कतारें लग रही है। वहीं जिला प्रशासन ने रसोई गैस की कालाबाजारी या जमाखोरी रोकने के लिए हेल्पलाइन नंबर 9456556431 जारी किया है। जिस पर यदि कोई प्रशासन को सूचना देता है तो दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जा सकेगी।नगर क्षेत्र के जोशियाड़ा मैदान में शनिवार को गाड़ी पहुंचने से पहले ही वहां लोगों की लंबी लाइन लग गई थी। सुबह चार बजे से ही लोग लाइन में खड़े हो गए थे। लाइन में लगने के बाद भी कई लोगों को सिलिंडर उपलब्ध नहीं हो पाए। लंबी लाइन के चलते गाड़ियों में पहुंचे सिलिंडर खत्म हो गए और लोगों को बैरंग ही वापस लौटना पड़ा। इस बीच जनपद में एलपीजी गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की संभावित कालाबाज़ारी और निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री को रोकने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी क्षेत्र में गैस सिलेंडर, पेट्रोल या डीजल की कालाबाज़ारी, जमाखोरी या निर्धारित कीमत से अधिक दाम पर बिक्री की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र को दी जाए। इससे प्रशासन को समय रहते कार्रवाई करने में मदद मिलेगी और उपभोक्ताओं को राहत मिल सकेगी। इसके लिए जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र ने हेल्पलाइन नंबर 9456556431 जारी किया है, जिस पर नागरिक किसी भी समय सूचना दे सकते हैं।
गैस के भरने के लिए कही लाइन लग रही, तो कहीं बैठक कर हुई चर्चा: चिन्यालीसौड़। गैस सिलिंडर की कमी से होटल व्यवसाय में आ रही दिक्कतों को लेकर होटल व्यवसायियों ने एक बैठक आयोजित की। साथ ही मौजूदा स्थिति पर चर्चा करते हुए समस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई। वहीं, चिन्यालीसौड़ में गैस कार्यालय के सामने लोग खाली सिलिंडरों को लेकर पहुंचे। गाड़ी के पहुंचने से पहले लंबी लाइन लग गई। पुरोला में व्यापार मंडल अध्यक्ष अंकित पंवार की अध्यक्षता में होटल व्यवसायियों की बैठक आयोजित की गई। कहा कि जैसे कोरोना काल में सभी व्यापारियों ने धैर्य और एकजुटता के साथ कठिन समय का सामना किया था। उसी प्रकार इस समय भी संयम बनाए रखने की जरूरत है। व्यापारियों से नियमों का पालन करते हुए अपने व्यवसाय का संचालन करने और एकजुट होकर स्थिति का सामना करने की अपील की गई।इस मौके पर उपेंद्र असवाल, उपेंद्र राणा, अमित चौहान, दीपेंद्र कंडियाल, दर्पण चौहान, भगवती लसियाल, दिनेश गुनसोला, संजय रावत, पप्पू राणा, विनोद मेहर आदि मौजूद रहे। वहीं, चिन्यालीसौड़ में गैस कार्यालय के सामने गैस सिलिंडरों की गाड़ी पहुंचने से पहले ही लोगों की लंबी लाइन लग गई।
नौगांव में तीन ढाबे और रेस्तरां हुए बंद: नौगांव । व्यवसायिक सिलिंडरों के आबंटन पर लगाई रोक का असर होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट पर दिखने लगा है। सिलिंडर की उपलब्धता न होने से नगर पंचायत में तीन ढाबे और रेस्तरां पूरी तरह बंद हो गए हैं। यमुनोत्री हाईवे पर स्थित नगर पंचायत में करीब 50 से 60 ढाबे और रेस्तरां हैंं। व्यापार मंडल अध्यक्ष विपिन रमोला और महामंत्री सुमित रावत का कहना है कि व्यवसायिक सिलिंडरों की उपलब्धता न होने से धीरे-धीरे होटल और रेस्तरां संचालक अपने प्रतिष्ठानों को बंद कर रहे हैं। रोशनी इंडेन गैस के प्रबंधक के एस पंवार का कहना है कि व्यवसायिक सिलिंडरों के आवंटन पर रोक लगाई गई है।