काशीरामपुर तल्ला में खोह नदी के तट पर बनाई गई थी झोपड़ियां
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : काशीरामपुर तल्ला में खोह नदी के तट पर सरकारी भूमि पर बनी झोपड़ियों को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया है। इस दौरान झोपड़ियों में रह रहे परिवारों ने प्रशासन की कार्यवाई का विरोध भी किया।
बुधवार को तहसीलदार साक्षी उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस, नगर निगम व तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन ने झोपड़ी में रह रहे परिवारों को सामान हटाने के लिए आधे घंटे का समय दिया। झोपड़ी खाली होने के बाद जेसीबी से इन्हें ध्वस्त कर दिया गया। अभियान के दौरान करीब पांच झोपड़ियों को ध्वस्त किया गया। तहसीलदार साक्षी उपाध्याय ने बताया कि झोपड़ी में रहने वाले परिवारों को पूर्व में ही झोपड़ी खोली करने की चेतावनी दी गई थी।
यह है पूरा मामला
वर्ष 2023 में खोह नदी के उफान पर आने से काशीरामपुर तल्ला व गाड़ीघाट क्षेत्र में कुछ आवास नदी की भेंट चढ़ गए थे। जिसके बाद प्रशासन ने बाढ़ सुरक्षा दीवार का निर्माण करवाया व सरकारी भूमि को खाली करवा दिया था। लेकिन, कुछ लोगों ने झोपड़ी बनाकर सुरक्षा दीवार के समीप भूमि पर कब्जा कर दिया था। एक सप्ताह पूर्व प्रशासन ने स्टेडियम के किनारे से एक निर्माणाधीन झोपड़ी को हटवाते हुए अन्य परिवारों को जल्द से जल्द झोपड़ी खाली करने के आदेश दिए थे।