जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर तहसील प्रशासन ने अवैध खनन पर रोक लगाने हेतु छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने झूलापुल के पास खोह नदी में अवैध खनन कर रहे पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया तथा चालानी कार्रवाई की जा रही है। उपजिलाधिकारी ने बताया कि अवैध खनन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन की ओर से आगे भी इस तरह की छापेमारी लगातार जारी रहेगी।
उपजिलाधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन को रोकने के लिए प्रशासन लगातार छापेमारी अभियान चला रहा है। इसी क्रम में बुधवार सुबह नायब तहसीलदार राजेंद्र सनवाल के नेतृत्व में राजस्व टीम ने झूलापुल स्थित खोह नदी में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नदी में अवैध रूप से खनन करते हुए पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गई। टीम ने मौके पर ही सभी वाहनों को सीज करते हुए उन्हें कब्जे में ले लिया। वाहन स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जा रही है। एसडीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति अवैध खनन में लिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।