जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार में दुकान का नाम बदलने को लेकर हुए विवाद के मामले में हिंदू संगठनों ने कुछ बाहरी लोगों पर माहौल खराब करने का आरोप लगाया है। संगठनों ने प्रशासन से ऐसे लोगों को चिह्रित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।
मंगलवार को संगठनों से जुड़े युवा तहसील परिसर में पहुंचे और तहसीलदार को ज्ञापन दिया। कहा कि कुछ दिन पूर्व पटेल मार्ग में दुकान का नाम बदलने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद मामले से जुड़े युवक को समर्थन देने के नाम पर कई संदिग्ध लोग शहर में प्रवेश कर रहे हैं। कई लोग ऐसे हैं जो देश की संदिग्ध गतिविधियों में शामिल रहे हैं। इंटरनेट मीडिया पर इसके कई विवादित वीडियो भी जारी होते रहे हैं। ऐसे लोगों के शहर में प्रवेश करने से कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कहा कि पुलिस व प्रशासन को ऐसे लोगों को चिह्रित कर इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। हिंदू संगठनों ने शहर में बाहरी राज्यों से काम की तलाश में आने वाले व्यक्तियों का भी सत्यापन करवाने की मांग उठाई। कहा कि यदि यह व्यक्ति किसी भी आपराधिक घटना को अंजाम देते हैं तो पुलिस के हाथ खाली ही रहेंगे। इस मौके पर सिद्धार्थ रावत, शुभम रावत, सौरभ नौडियाल, राहुल आदि मौजूद रहे।