रुद्रपुर। हाईवे चौड़ीकरण में सुस्ती पर प्रशासन सख्त हो गया है। शुक्रवार को डीडीए, प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंच कर निरीक्षण किया है। धीमी गति से चल रहे कार्य को लेकर नाराजगी जताई और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं चौड़ीकरण में जद में आ रहे विद्युत पोल हटाने के निर्देश दिए हैं। नैनीताल हाईवे पर इंदिरा चौक से डीडी चौक तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य की धीमी प्रगति को लेकर जिला विकास प्राधिकरण (डीडीए) नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम ने नाराजगी जताई। अधिकारियों ने मौके पर निरीक्षण कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। इस पर ऊर्जा विभाग को तत्काल पोल हटाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा निर्माण कार्य में आ रही अन्य बाधाओं को भी शीघ्र दूर करने को कहा गया। अधिकारियों ने सड़क निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढों को आमजन के लिए परेशानी का कारण बताते हुए उन्हें जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीडीए के उपाध्यक्ष जयकिशन, सचिव पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी सहित नगर निगम, डीडीए और प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।