जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला कार्यालय स्थित एनआईसी सभागार में पत्रकारोें से वार्ता की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व के वर्षों की भांति इस वर्ष भी श्री केदारनाथ धाम यात्रा को दिव्य और भव्य बनाने के लिए सभी विभागों के माध्यम से व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। बताया कि यात्रा के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों को उनकी जिम्मेदारियों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पशुपालन विभाग को विशेष निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा मार्ग में संचालित होने वाले घोड़े-खच्चरों का नियमानुसार पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उनका नियमित स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाएगा, जिससे पशुओं के स्वास्थ्य के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि यात्रा शुरू होने से पूर्व सभी प्रमुख सड़कों और संपर्क मार्गों को यातायात के लिए पूरी तरह दुरुस्त कर लिया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों को आवश्यक कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने बदरीनाथ-केदारनाथ हाईवे को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण पुल के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए पुल का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद उसकी सभी सुरक्षा मानकों के अनुसार जांच की जाएगी। सुरक्षा मापदंडों की पूर्ण पुष्टि होने के बाद ही पुल को यातायात के लिए सुचारू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर पालिका और सभी नगर पंचायतों को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि श्री केदारनाथ धाम यात्रा में आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान किया जाए। इसके लिए सभी विभागों के साथ निरंतर समन्वय बनाकर कार्य किया जा रहा है।