श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी गढ़वाल के निर्देश पर रविवार को श्रीनगर में अधिवक्ताओं ने स्वच्छता अभियान चलाया। तहसील विधिक सेवा समिति की अध्यक्ष एवं सिविल जज अलका के नेतृत्व में न्यायालय परिसर, डांग, गढ़वाल विवि परिसर सहित श्रीनगर व आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने प्लास्टिक का कूड़ा-करकट एकत्रित कर उसका निस्तारण किया। अभियान में स्थानीय लोगों से कूड़े को कूड़ेदान में डालकर शहर को स्वच्छ बनाने की अपील की गई। सिविल जज अलका ने कहा कि लोगों को स्वच्छता को अपने स्वभाव में लाने की जरूरत है, तभी जाकर शहर, प्रदेश और देश स्वच्छ होगा। उन्होंने सभी लोगों से शहर को स्वच्छ बनाये रखने के लिए कूड़ा-करकट कूड़ादान में डालने की अपील की। अभियान में बार एसोसिएशन श्रीनगर के संरक्षक अनूप श्री पांथरी, अध्यक्ष प्रमेश चंद्र जोशी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जयपाल सिंह, विकास कठैत आदि मौजूद थे। इधर, तहसील विधिक सेवा समिति कीर्तिनगर के अध्यक्ष एवं सिविल जज जूनियर डिवीजन कीर्तिनगर शैलेंद्र कुमार यादव एवं समिति के सदस्य व कार्यक्रम संयोजक पैनल अधिवक्ता चंद्रभानु तिवाड़ी की अगुवाई में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान विभागों के प्रभारी व कर्मचारियों द्वारा स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। अभियान में ढूंढप्रयाग मंदिर प्रागंण सहित आस पास के क्षेत्र में कूड़ा करकट एकत्रित कर उसका निस्तारण किया गया। कार्यक्रम में तहसीलदार कीर्तिनगर डॉ प्रदीप सिंह कंडारी, बार संघ कीर्ति नगर के सचिव विजय राम गोदियाल, खंड विकास अधिकारी सुमन लता, व्यापार संघ अध्यक्ष ओमप्रकाश बधानी, कीर्तिनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवराज शर्मा आदि मौजूद थे।