‘भारत जोड़ो’ के बाद ‘भारत न्याय यात्रा’ शुरू करेंगे राहुल, 14 जनवरी को मणिपुर से होगा आगाज

Spread the love

नई दिल्ली,एजेंसी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब ‘भारत न्याय यात्रा’ करने वाले हैं। यात्रा की शुरूआत 14 जनवरी से होगी जो 20 मार्च तक चलेगी। मणिपुर से मुंबई तक होने वाली इस यात्रा में कांग्रेस 6200 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। भारत न्याय यात्रा ज्यादातर बस के जरिए कवर की जाएगी, हालांकि बीच-बीच में पैदल सफर भी किया जाएगा। भारत न्याय यात्रा देश के 14 राज्यों के 85 जिलों से होकर गुजरेगी। यह यात्रा जिन राज्यों को कवर करेगी उनमें मणिपुर, नागालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और महाराष्ट्र शामिल हैं।
यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल ने बताया कि 21 दिसंबर को कांग्रेस वर्किंग कमेटी ने सर्वसम्मति से अपना मत रखा कि राहुल गांधी को पूर्व से पश्चिम की ओर एक यात्रा करनी चाहिए। इस यात्रा में राहुल गांधी युवाओं, महिलाओं और हाशिए पर पड़े लोगों से मुलाकात करने वाले हैं। बस यात्रा के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचा जाएगा। यात्रा में कुछ छोटे हिस्से को रुक-रुक कर पैदल भी कवर किया जाएगा।
बता दें कि इससे पहले राहुल गांधी ने सितंबर 2022 में भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की थी, जो जनवरी 2023 को खत्म हुई थी। राहुल की इस यात्रा की शुरुआत 7 सितंबर को कन्याकुमारी से हुई। इस यात्रा के जरिए उन्होंने 4500 किलोमीटर से अधिक का सफर पैदल ही तय किया था। यात्रा का मकसद भारत को एकजुट और देश को मजबूत करना था। यात्रा 30 जनवरी 2023 को कश्मीर में जाकर खत्म हुई। यात्रा में देश के 12 राज्यों और 2 केंद्रशासित प्रदेशों के 75 जिलों को कवर किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *