तीन साल की मासूम को अगवा कर मौसरे भाई ने दुष्कर्म के बाद निर्मम हत्या की

Spread the love

 

रुद्रपुर। एक युवक ने अपनी मौसी की तीन साल की मासूम बेटी को अगवा कर दुष्कर्म करने के बाद निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बच्ची का शव उसके घर से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल से बरामद किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
गुरुवार को कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में दलित परिवार की तीन वर्षीय मासूम बच्ची अपने घर के आंगन में अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। उसके पिता एक निजी स्कूल में बस चालक हैं, जबकि मां मेहनत मजदूरी करती है। गुरुवार को उसके माता-पिता किसी कार्यवश घर से बाहर गये हुए थे। इसी दौरान बच्ची का 20 वर्षीय मौसेरा भाई बाइक पर वहां आया और बच्ची को फुसलाकर बाइक पर बैठा कर ले गया।
मां-बाप घर आए तो बच्ची को नदारद देखकर उन्हें चिंता हुई। उन्होंने पड़ोसियों से जानकारी ली तो लोगों ने बताया कि उसे मौसेरा भाई बाइक पर बैठा कर ले गया है। ग्रामीणों ने जब आरोपी और उसके मां बाप से बच्ची के बारे में पता किया तो उन्होंने साफ इंकार कर दिया। शक होने पर बच्ची के पिता ने आरोपी युवक और उसके मां-बाप के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी। पुलिस ने तीनों के खिलाफ बच्ची को अगवा करने के आरोप लगाते हुए मुकदमा कायम कर युवक को उत्तम नगर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी युवक ने अपने जुर्म कबूल लिया।
पुलिस के मुताबिक, युवक ने बताया कि उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गुरुवार देर सांय बच्ची का शव उसके घर से लगभग डेढ़ किमी दूर जंगल में बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बच्ची को अगवा करने, दुष्कर्म व पक्सो का मुकदमा दर्ज किया है।
मां-बाप ने भाग जाने को कहा रू पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने घर लौटने के बाद अपने मां-पिता को घटना के बारे में बता दिया था। उन्होंने उसे एक हजार रुपये देकर घर से भाग जाने को कहा। वह भागने ही वाला था, लेकिन पुलिस ने उसे धर लिया। पुलिस ने आरोपी की मां को भी गिरफ्तार कर लिया, लेकिन उसका पिता फरार हो गया। पुलिस ने मां-बाप के खिलाफ आरोपी का साथ देने के आरोप में मुकदमा कायम दिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *