नई टिहरी : भिलंगना ब्लॉक में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर आंदोलन 17वें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों ने शासन-प्रशासन के उपेक्षापूर्ण रवैये पर नाराजगी जताते हुए आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी है। घनसाली क्षेत्र के दो बड़े अस्पताल सीएचसी बेलेश्वर व सीएचसी पिलखी में विशेषज्ञ डाक्टरों-मेडिकल स्टॉफ की नियुक्ति तथा दो प्रसूताओं को मौत को लेकर आंदोलनकारी विगत 17 दिनों से घनसाली व पिलखी में धरने पर डटे हुए है। इसके साथ ही क्षेत्र की आम जनता को आंदोलन से जोड़ने के लिए न्याय पंचायत स्तर पर मशाल जुलूस निकाले जा रहा है। कोटी फैगुल के पटागली में आज शाम को विशाल मशाल जुलूस निकाला जाएगा। स्वास्थ्य संघर्ष समिति के महासचिव विनोद लाल शाह ने कहा कि, टिहरी सीएमओ के द्वारा दिए गए बयान पर कार्यवाही न होने से लोग खासे नाराज है। उन्होंने सीएमओ पर आंदोलन को कमजोर करने व अनर्गल बयानबाजी करने का आरोप लगाते हुए शीघ्र उनके निलंबन की मांग की। धरने पर बैठने वालों में संदीप आर्य, विनोद लाल शाह, अनुज शाह, विक्रम घनाता, अजय कंसवाल, भीमलाल आर्य, शूरवीर लाल, जसवीर नेगी, देव सिंह बिष्ट सहित कई अन्य लोग शामिल रहे। प्रतापनगर में महिलाओं ने दिया धरने को समर्थन प्रतापनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौण्ड में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने सहित अन्य मांगों को लेकर लोगों का धरना मंगलवार को भी जारी रहा। इस मौके पर क्षेत्र की महिलाओं ने आंदोलन को समर्थन देते हुए धरना दिया। आंदोलनकारियों ने प्रतापनगर क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सक, एक्स-रे टेक्निशियन, आपातकालीन संसाधन उपलब्ध कराने, डोबरा में प्रस्तावित अस्पताल शीघ्र बनाने सहित अन्य मांगों पर जल्द से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है। धरना देने वालों में सुन्दरा देवी, कौशल्या देवी, यशोदा देवी, सोदान कुड़ियाल, मोहन लाल, रमेश प्रसाद उनियाल आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)