अग्निपथ योजना देश की सुरक्षा की दृष्टि से विनाशकारी : राम रतन नेगी

Spread the love

अग्निपथ योजना के खिलाफ कांग्रेस की यात्रा पहुंची सतपुली
जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : कांगे्रस की अग्निपथ योजना के खिलाफ यात्रा मंगलवार को सतपुली पहुंची। इस अवसर पर सभा को संबंधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग अध्यक्ष कर्नल राम रतन सिंह नेगी ने कहा कि अग्निपथ योजना न केवल युवाओं को देश की सेवा के अवसर से वंचित कर रही है, बल्कि यह योजना देश की सुरक्षा की दृष्टि से विनाशकारी है।
कर्नल नेगी ने कहा कि आज हम एक पूर्ण प्रशिक्षित सैनिक तैयार नहीं कर रहे जो युद्ध के मोर्चे पर दुश्मन को धूल चटा सके। कहा कि चार साल की सेवा के लिए भर्ती युवा ना तो पूर्ण रूप से प्रशिक्षित हो पाता है ना ही उसके अंदर युद्ध लड़ने का आत्मविश्वास रहता है, क्योंकि वह पहले ही अपने भविष्य के प्रति सशंकित रहता है कि चार साल बाद उसका क्या होगा और अगर वह शहीद हो गया तो उसके परिवार का क्या होगा। कर्नल नेगी ने कहा कि अग्निवीर को तो शहीद होने पर शहीद का दर्जा तक नहीं दिया जाता तो देश के लिए शहीद होने का जज्बा सैनिक के पास कहां से आएगा। कर्नल नेगी ने अग्निपथ योजना में भर्ती अग्निवीर और नियमित भर्ती होने वाले सैनिक के बीच की विषमताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर प्रदेश पूर्व सैनिक विभाग के उपाध्यक्ष गोपाल गड़िया ने कहा कि अग्निपथ योजना के खिलाफ जनजागरण रथ यात्रा को चार चरणों में प्रदेश के गढ़वाल कुमाऊं व तराई के सभी जनपदों में ले जाया जाएगा। सभा की अध्यक्षता करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र चौहान ने कहा कि पौड़ी जनपद में पूर्व सैनिकों को लामबंद कर अग्निपथ योजना के दुष्परिणामों को समझाना होगा। इस अवसर पर सूबेदार मेजर शेखर नेगी, सूबेदार रणधीर नेगी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजन रौतेला, पूर्व प्रधानाचार्य उमेद सिंह रावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष जय दीप सिंह नेगी, कैप्टन शोबन सिंह सजवान, आनंद सिंह पुंडीर आदि मौजूद थे। कार्यक्रम संचालन बलबीर सिंह पंवार ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *