जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार में अग्निवीर भर्ती रैली का शुभारंभ हो गया है। प्रथम दिन चमोली जिले के विभिन्न तहसील से पहुंचे यवाओं ने भर्ती के लिए अपना दम दिखाया। पंजीकृत 1148 युवाओं में से 1100 युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया। 48 युवा अनुपस्थित रहे।
गुरुवार से कोटद्वार स्थित सेना के विक्टोरिया क्रास विजेता गबर सिंह कैंप स्थित मैदान में भर्ती प्रक्रिया शुरु हो गई है। जिसमें सात जिले के करीब 13 हजार युवा प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रथम दिन चमोली जनपद की आदिबद्री, चमोली, देवाल, गौरसैण व घाट तहसीलों के युवाओं ने प्रतिभाग किया। इन तहसीलों से 1148 युवाओं ने आवेदन किया था। जिसमें से 1100 युवा ही मैदान में पहुंचे। दौड़ में सफल रहे युवाओं को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए आगे भेजा गया। भर्ती रैली को लेकर युवाओं में खासा उत्साह बना हुआ था। मध्यरात्रि से ही युवा भर्ती मैदान के बाहर काशीरामपुर तल्ला स्थित मैदान में जुटने शुरु हो गए थे। सुबह करीब चार बजे से सैन्य अधिकारियों ने मैदान में जुटे इन युवाओं के दस्तावेजों की जांच शुरु की।