अग्निवीर भर्ती रैली शुरू, पहले दिन 70 प्रतिशत युवाओं ने किया प्रतिभाग

Spread the love

 

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गब्बर सिंह कैंप स्थित बलबीर स्टेडियम में सेना की अग्निवीर भर्ती रैली शुरू हो गई है। भर्ती रैली 1 दिसम्बर तक चलेगी। भर्ती रैली के पहले दिन रविवार को 70 प्रतिशत युवाओं ने प्रतिभाग किया। पहले दिन 750 युवाओं ने प्रतिभाग करना था। सेना के अधिकारियों ने राष्ट्र की सेवा के प्रति युवा पीढ़ी के दृढ़ निश्चय की सराहना की।
रविवार सुबह करीब 4 बजे रैली में पहुंचने वाले युवाओं को काशीरामपुर तल्ला स्थित मैदान में एकत्रित किया गया। तत्पश्चात प्रारंभिक जांच के बाद उन्हें गब्बर सिंह कैंप स्थित बलबीर स्टेडियम भेजा गया। जहां उनकी शारीरिक दक्षता परीक्षा व अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। सबसे पहले युवाओं के लिए 1600 मीटर दौड़ आयोजित की गई। दौड़ में सफल युवाओं ने चिनअप, लॉग जंप सहित अन्य शारीरिक दक्षता परीक्षा दी। शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल युवाओं का मेडिकल किया जाएगा। लेफ्टनेट कर्नल मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि भर्ती रैली में आने वाले युवाओं को अपनी पहचान और पूर्ववृत्त के सत्यापन के लिए अपने आधार कार्ड को सक्रिय मोबाइल नंबरों से जोड़ने की सलाह दी है। जिन लोगों का आधार सत्यापन नहीं हो सका है, उन्हें दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए 27 नवंबर तक का अतिरिक्त समय दिया गया है। सत्यापन औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए 27 नवंबर के बाद कोई समय नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोमवार को 1200 और 28 नवंबर को 1300 युवा भर्ती रैली में प्रतिभाग करेंगे। बाकी दिवस अन्य कार्यों के लिए रिजर्व रखे गये हैं। उल्लेखनीय है कि एआरओ लैंसडाउन कार्यालय दुगने प्रयास कर रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि केवल वास्तविक और योग्य उम्मीदवारों को ही देश के लिए अपनी सेवा प्रदान करने का अवसर मिले। कार्यालय यह भी सुनिश्चित कर रहा है कि चयन प्रक्रिया तेजी से पूरी हो ताकि उम्मीदवारों को औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय खर्च न करना पड़े। एआरओ कार्यालय ने आयोजनों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और नागरिक पुलिस के प्रयासों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *