कृषि सहायक कर्मचारियों ने लगाया सरकार पर उपेक्षा का आरोप

Spread the love

रुद्रप्रयाग। जनपद के कृषि सहायक कर्मचारियों ने सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए समान कार्य के लिए समान वेतन देने के साथ ही नियमितीकरण सहित अन्य मांगों का समाधान करने की मांग की है। कर्मचारियों ने सरकार चेतावनी देते हुए कहा कि मांगे पूरी न होने पर घेराव,धरना-प्रदर्शन के साथ ही उग्र आंदोलन किया जाएगा। कृषि सहायक कर्मचारियों का कहना है कि सरकार व विभाग से कई बार लिखित व मौखिक रूप से मांगों के समाधान को लेकर गुहार लगाई गयी है। ब्लाक मुख्यालय जखोली में कृषि सहायक कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने बैठक कर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल,ब्लाक अध्यक्ष प्रकाश राणा,सज्जन सिंह,अरविंद,सन्त लाल,केशर सिंह,नीतू,जयन्ती देवी सहित अन्य कर्मचारियों ने कहा कि वर्ष 2011 से प्रदेश की समस्त न्याय पंचायतों में न्यूनतम मानदेय छ: हजार रुपये में कृषि निवेश केंद्रों पर कृषि सहायक कर्मचारी अपने सेवायें दे रहे हैं। कहा कि कोरोना महामारी के दौर में भी कर्मचारियों ने बेहतर सेवाएं दी हैं। कर्मचारी लम्बे समय से समान कार्य के लिए समान वेतन देने की मांग करते आ रहे हैं। लेकिन उनकी समस्या पर सरकार व विभाग द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इन कर्मचारियों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के कारण उनके सम्मुख आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर सरकार शीघ्र ठोस निर्णय नहीं लेती है तो कर्मचारी घेराव,धरना-प्रदर्शन व उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *