कृषि विभाग ने 10 नाली भूमि पर की चैनलिंग फेंसिंग

Spread the love

नई टिहरी : चंबा ब्लॉक के पयालगांव के बंडरिया में कृषि विभाग की ओर से लगाई गई चैनलिंग फेंसिंग से काश्तकारों 10 नाली कृषि भूमि आबाद हो गई है। विभाग की ओर से लगाई गई फेंसिंग से जंगली जानवरों से काश्तकारों की फसलों को होने वाले नुकसान से बचाया जा सकेगा। मुख्य कृषि अधिकारी टिहरी विजय देवराड़ी ने बताया कि ग्राम पंचायत पयालगांव के राजस्व ग्राम बंडरिया में काश्तकारों की फसलों की सुरक्षा के लिए जिला योजना से 5 लाख की लागत से 207 मीटर से अधिक चैनलिंग फेंसिंग कार्य कराया गया है। इससे काश्तकारों द्वारा करीब 10 नाली कृषि भूमि आबाद कर ली गई है। कहा कि, ग्राम बंडरिया में लगभग 20.0 हेक्टर सिंचित कृषि भूमि है, जिसमें स्थानीय कृषक धान, उर्द, मक्का, तिल, गेंहू, सरसों आदि फसलों का सिंचाई के साधन होने के कारण अच्छा उत्पादन लेते थे। लेकिन बीते कई वर्षों से अच्छी फसल होने के बाबजूद जंगली जानवरों व स्थानीय निराश्रित पशुओं से फसलों को भारी मात्रा में नुकसान पहुंचाया जा रहा था। इस समस्या के चलते किनारे-किनारे के सारे खेत पिछले कई वर्षों से बंजर पड़ गये थे। लेकिन चैनलिंग फेंसिंग के कारण अब गांव के स्थानीय काश्तकार आबाद कृषि भूमि के अलावा वर्षों से बंजर पड़ी भूमि पर भी फसल उत्पादन कर रहे हैं, जिस कारण उत्पादन में 20 से 25 प्रतिशत की वृद्धि होने की संभावना है। वहीं स्थानीय काश्तकारों ने फेंसिंग निर्माण कार्य होने पर विभाग के खुशी जाहिर करते हुए अन्य शेष खेती पर भी चैनलिंग फेंसिंग का निर्माण कार्य कराने की मांग की है। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *