आइसा ने कुलपति की नियुक्ति की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विवि में कुलपति की नियुक्ति को लेकर छात्रों और कर्मचारियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। विवि में नए कुलपति की नियुक्ति नहीं होने से विवि के प्रशासनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। शुक्रवार को आइसा छात्र संगठन ने गढ़वाल विवि के बिरला परिसर गेट पर कुलपति की नियुक्ति को लेकर केंद्र सरकार एवं शिक्षा मंत्रालय के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की। इस मौके पर गढ़वाल विवि छात्रा प्रतिनिधि प्रियंका खत्री ने कहा कि 31 अक्तूबर 2024 को गढ़वाल विवि की कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल का कार्यकाल समाप्त हो चुका है, परंतु 22 दिन बीत जाने के बाद भी नए कुलपति की नियुक्ति नहीं हुई है और ना ही कोई कार्यवाहक कुलपति नियुक्त किया गया है। जिस कारण बड़े स्तर पर विवि के आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कहा कि छात्रों की डिग्री सहित अन्य महत्वपूर्ण दास्तावेजों के कार्य अटके होने के कारण छात्र-छात्राओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गढ़वाल विवि के पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष रोबिन असवाल ने कहा कि लंबा समय बीतने के बाद भी कुलपति की नियुक्ति नहीं हो पाना केंद्र सरकार एवं शिक्षा मंत्रालय का छात्रों के प्रति लापरवाह रवैये को दर्शाता है। कहा कि कुलपति की तैनाती को लेकर सभी असमंजस में हैं कि हमारा कुलपति कौन है। पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष रोबिन सिंह असवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय में कुलपति, प्रतिकुलपति के पद खाली हैं एवं कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक, वित्त अधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पद कार्यवाहक अधिकारियों के भरोसे चल रहे हैं। विवि के महत्वपूर्ण कार्य अटके पड़े हैं, छात्रों की उपाधि बनने में समस्याएं आ रही हैं, विवि के दीक्षांत समारोह की अभी तक कोई सूचना नहीं है। छात्र कार्यकारिणी सदस्य शिवांक नौटियाल ने कहा कि अगर शीघ्र ही रिक्त पदों पर नियुक्ति नहीं की जाती है, तो छात्र संगठन आइसा द्वारा बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। कहा कि छात्र हितों के साथ खिलवाड़ को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में प्रवेश बुटोला, आयुष, अंकित, अरुणेश मिश्रा, वैष्णवी, युवराज, सलोनी, अनुष्का, मनीषा, अनुष्का, सक्षम, दीपा सहित आदि मौजूद थे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *