श्रीनगर गढ़वाल : सिद्वपीठ कमलेश्वर महादेव मंदिर में आगामी 22 जनवरी को अखंड रामायण का पाठ किया जायेगा। इसके साथ ही यहां विशेष पूजा अर्चना भी की जाएगी। जिसके लिए मंदिर प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। विदित हो कि 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की जानी है। इस अवसर पर श्रीनगर गढ़वाल स्थित कमलेश्वर महादेव मंदिर में भी पूजा अर्चना के साथ अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया जाना तय हुआ है। कमलेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी महंत आशुतोष पुरी ने जानकारी देते हुए बताया कि कमलेश्वर महादेव मंदिर से भगवान श्रीराम का गहरा नाता है। कहा कि जब उन्होंने रावण का वध किया तो उसके बाद ब्रह्म हत्या के दोष से मुक्ति पाने के लिए उन्होंने यहां भगवान शिव की आराधना की थी। साथ ही यहां 108 सहस्त्र कमल भी भगवान शिव को अर्पित किये थे। उन्होंने बताया कि 22 जनवरी को अयोध्या राम मंदिर में राम मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होनी है। यह दिन प्रत्येक सनातनियों के लिए विशेष है। इस मौके पर कमलेश्वर महादेव मंदिर में भी पूजा अर्चना, हवन, आरती के साथ ब्राह्मणों द्वारा अखंड रामायण का पाठ भी किया जायेगा। (एजेंसी)