अक्षय कुमार इन दिनों आगामी फिल्म भूत बंगला का जमकर प्रमोशन कर रहे हैं। हाल ही में, इसका पहला गाना रामजी आके भला करेंगे जारी हुआ था जिसे लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। खबर है कि फिल्म का ट्रेलर जारी करने के लिए निर्माताओं ने एक खास योजना बनाई है जिसके तहत भूत बंगला से पहले इसका ट्रेलर सिनेमाघरों का रुख करेगा। बता दें, फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है जो हेराफेरी और भूल-भुलैया जैसी फिल्में बना चुके हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, भूत बंगला का ट्रेलर 19 मार्च से सिनेमाघरों में धुरंधर 2 के साथ दिखाया जाएगा। हालांकि, पहले इसे 9 से 18 मार्च के बीच डिजिटल रूप में जारी करने की योजना बनी है। एक सूत्र ने बताया, ट्रेलर का फाइनल वर्जन तैयार है और टीम को इसपर पूरा भरोसा है। हमारा मकसद पहले डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ज़बरदस्त चर्चा पैदा करना है और फिर धुरंधर 2 सिनेमाघरों में देखने आने वाले दर्शकों की संख्या का लाभ उठाना है।
सूत्र ने आगे कहा कि धुरंधर 2 के साथ भूत बंगला के ट्रेलर को जोड़ना एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है। उन्होंने कहा, यह सोच-समझकर लिया गया फैसला है। टारगेट दर्शक काफी हद तक एक जैसे हैं, और धुरंधर 2 का विशाल पैमाना इसके लिए एकदम सही मंच प्रदान करता है। सूत्र ने बताया कि इस तरह हॉरर-कॉमेडी फिल्म को बड़े पर्दे पर एक शानदार शुरुआत मिलेगी जो 10 अप्रैल, 2026 को रिलीज होने के लिए बिल्कुल तैयार है।
००