अल जजीरा की प्रोजेक्ट टाइगर रिपोर्ट नफरत से प्रेरित, केंद्रीय मंत्री बोले- भारत में बढ़ रही है बाघों की संख्या

Spread the love

नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने प्रोजेक्ट टाइगर की रिपोर्ट पर मीडिया संस्थान अल जजीरा पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अल जजीरा जिस दिन प्रोपेगेंडा छोड़कर पत्रकारिता की तो उसकी सराहना की जाएगी। मालूम हो कि अल जजीरा की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि भारत की बाघ संरक्षण रणनीतियां अमेरिकी पर्यावरणवाद से गहरे रूप से प्रभावित हैं, जिसके कारण सदियों से जंगलों में रहने वाले कई समुदायों को पलायन करना पड़ा है।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि भारत एकमात्र ऐसा देश है जहां बाघों की आबादी बढ़ रही है। उन्होंने एक ट्वीट में अल जजीरा की रिपोर्ट की एक फोटो पोस्ट करते हुए कहा, “भारत एकमात्र ऐसा देश है जहां बाघों की आबादी अन्य देशों के तुलना में तेजी से बढ़ रही है। अन्य देशों में बाघों की आबादी या तो स्थिर हो गई है या फिर घट रही है।” उन्होंने अल जजीरा की आलोचना करते हुए कहा कि यही कारण है, ‘नफरत से प्रेरित, प्रोपेगेंडा मीडिया’ अल जजीरा के लिए दिल में जलन महसूस करना स्वाभाविक है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “अगर अल जजीरा प्रोपेगेंडा छोड़कर पत्रकारिता करे, तो इस बात की सराहना करने में सक्षम होगा कि भारत का टाइगर एजेंडा समावेशी और सफल है क्योंकि इसमें स्थानीय समुदायों की भागीदारी है। हमारा टाइगर रिजर्व स्थानीय लोगों के लिए सालाना 50 लाख से अधिक रोजगार सृजित करता है।
मालूम हो कि पीएम मोदी ने बाघों की नई गणना रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट के मुताबिक, देश में बाघों की संख्या में इजाफा हुआ है। भारत में बाघों की संख्या बढ़कर 3 हजार 167 हो गई है। 2006 में यह संख्या 1411 थी। इससे पहले 2018 व 2019 में जारी बाघों की गणना में 2967 संख्या पाई गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *