अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का लगातार बढ़ रहा जलस्तर, प्रशासन अलर्ट

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : लगातार हो रही वर्षा के कारण जनपद अंतर्गत अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। नदियों के जल स्तर में बढ़ोतरी को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। प्रशासन ने नदी किनारे बसे नागरिकों से अपील की है कि वे नदी की ओर अनावश्यक न जाएं, प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासनिक सहायता प्राप्त करें।
शनिवार सुबह 8 बजे अलकनंदा नदी का जल स्तर 626.90 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 627.00 मीटर से केवल 10 सेंटीमीटर नीचे है, जबकि चेतावनी स्तर 626.00 मीटर को पहले ही पार कर चुका है। इसी तरह, मंदाकिनी नदी का जलस्तर 625.10 मीटर मापा गया है, जो चेतावनी स्तर 625.00 मीटर को पार कर चुका है और अब खतरे के स्तर 626.00 मीटर के नजदीक पहुंच रहा है। नदियों के जल स्तर में बढ़ोतरी को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिला आपदा प्रबंधन टीम, एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें लगातार जल स्तर की निगरानी कर रही हैं। इसके साथ ही नदी तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा समय-समय पर अनाउंसमेंट के माध्यम से लोगों को जरूरी जानकारी दी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *