चक्रवात दित्वाह से तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट

Spread the love

-कई शहरों में कोहरे के साथ शीतलहर का प्रकोप बढ़ने के आसार
नईदिल्ली , पहाड़ी राज्यों में तेजी से गिर रहे तापमान के कारण उत्तर भारत में ठंड का असर बढ़ता जा रहा है। इससे आने वाले दिनों में कई शहरों में कोहरे के साथ शीतलहर का प्रकोप बढ़ने के आसार बने हुए हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 30 नवंबर को चक्रवात दित्वाह के तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश तट तक पहुंचने का अनुमान जताया है। इससे 100 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ भारी बारिश-बाढ़ का अलर्ट जारी किया है।
आईएमडी के अनुसार, दित्वाह चक्रवात श्रीलंका तट और समीपवर्ती बंगाल की खाड़ी से होते हुए उत्तर-उत्तरपश्चिमी मार्ग पर आगे बढ़ेगा और रविवार सुबह तक उत्तरी तमिलनाडु और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटों के पास पहुंचेगा। इससे तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी के तटीय इलाकों में 60-100 किमी/घंटा की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने, पेड़ उखड़ने और भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बाढ़ की संभावनाओं के मद्देनजर लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।
पहाड़ी राज्यों में कड़ाके की सर्दी शुरू हो गई है। कश्मीर के कई जिलों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चल रहा है। 2007 के बाद से यह सबसे सर्द नवंबर बताया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश के 16 शहरों में रात का तापमान 5 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। कई जगह पानी की टंकियां और पाइप लाइन में बर्फ जमने लगी है। इसी प्रकार उत्तराखंड के 4 धामों में तापमान माइनस 10 डिग्री से भी नीचे पहुंच गया।
राजस्थान में शुक्रवार को सर्दी की पहली मावठ होने के बाद शनिवार से सर्दी तेज होगी। इससे भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद समेत 5 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट है। 1 दिसंबर से उत्तरी हवा का प्रभाव बढ़ने से शीतलहर शुरू हो जाएगी। मध्य प्रदेश में कई शहरों का तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया और कई जगह कोहरा भी छाने लगा है। उत्तर प्रदेश में भी कई शहरों में शनिवार को तापमान 10 डिग्री के नीचे जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *