प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर अलर्ट, निर्माण कार्यों को पूर्व में दी गई अनुमतियां निरस्त

Spread the love

देहरादून। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित प्रतिभाग एवं जनपद भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर शासन-प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। प्रशासन ने जनपद में संभावित रूट पर चल रहे समस्त निर्माण कार्यों को पूर्व में दी गई अनुमतियां कार्यक्रम तक निरस्त कर दी हैं। शनिवार को डीएम सविन बंसल ने प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। डीएम ने कार्यक्रम की व्यापक तैयारियों की समीक्षा की और जरूरी निर्देश जारी किए। डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच), एनएचएआई एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री के संभावित भ्रमण मार्ग का तत्काल निरीक्षण कर लें। मार्ग पर आवश्यक सौन्दर्यीकरण, डिवाइडर मरम्मत, सड़क सुधार एवं अन्य कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करें। उन्होंने यूपीसीएल के अधिकारियों को निर्देश दिए कि संभावित रूट पर अंडरग्राउंड केबलिंग कार्यों के अंतर्गत सड़क किनारे पड़ी केबलों को तत्काल हटाया जाए। उन्होंने मंच निर्माण, सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग व्यवस्था, बैठने की समुचित व्यवस्था, मोबाइल शौचालय एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं को समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। नगर निगम को कार्यक्रम स्थल एवं संभावित रूट पर विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीएम बंसल ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर जनपद में संभावित रूट पर चल रहे समस्त निर्माण कार्यों को पूर्व में दी गई अनुमतियां कार्यक्रम तक तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई हैं, ताकि किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।जिलाधिकारी ने कहा कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल, सीडीओ अभिनव शाह, अपर मुख्य नगर आयुक्त नगर निगम प्रवीन कुमार, एडीएम केके मिश्रा, एसपी सिटी प्रमोद कुमार, आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *