भाजपा की सारी कोशिशें फेल, नहीं माने धीरेंद्र चौहान, लड़ेंगे चुनाव

Spread the love

-पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा सांसद तीरथ सिंह रावत ने भी की धीरेंद्र चौहान को मनाने की कोशिश
-एक दिन पहले कोटद्वार सीट से भाजपा प्रत्याशी ऋतु भूषण खंडूड़ी पहुंची थीं चौहान के आवास पर
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष व कोटद्वार विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी धीरेंद्र चौहान को मनाने की भारतीय जनता पार्टी की सारी कोशिशें फेल हो गई हैं। रविवार को धीरेंद्र चौहान को मनाने पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा सांसद तीरथ सिंह रावत उनके आवास पर आए। कुछ देर की वार्ता के बाद भी जब धीरेंद्र चौहान नहीं माने तो पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत मायूस होकर लौट गए। धीरेंद्र चौहान ने कहा कि कोटद्वार की जनता किसी भी पैराशूट प्रत्याशी के समर्थन में नहीं है। जनता की आवाज पर ही वह चुनावी मैदान में उतरे हैं।
रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा सांसद तीरथ सिंह रावत धीरेंद्र चौहान के आवास पर पहुंचे। यहां तीरथ सिंह रावत ने धीरेंद्र चौहान से कहा कि ऋतु खंडूड़ी को कोटद्वार विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित करना भाजपा हाईकमान का फैसला है। इसलिए उन्हें भी पार्टी के फैसले के साथ रहना चाहिए और भाजपा को अपना समर्थना देना चाहिए। हालांकि, कोटद्वार विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी धीरेंद्र चौहान ने पूर्व सीएम की एक न सुनी और कहा कि भाजपा हर बार कोटद्वार की जनता पर पैराशूट प्रत्याशी को थोप देती है। इस बार भाजपा की इस नीति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धीरेंद्र चौहान ने कहा कि वह जनता के कहने पर ही चुनावी मैदान में उतरे हैं और अब नाम वापस लेकर जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकते हैं। बता दें कि शनिवार को कोटद्वार विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी ऋतु भूषण खंडूड़ी भी निर्दलीय प्रत्याशी धीरेंद्र चौहान के आवास पर पहुंची थीं। हालांकि, ऋतु भूषण खंडूड़ी के पहुंचने से पहले ही धीरेंद्र चौहान पौड़ी के लिए निकल चुके थे। जिस पर ऋतु भूषण खंडूड़ी ने धीरेंद्र चौहान की पत्नी के साथ वार्ता की और भाजपा के फैसले के समर्थन में आने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *