जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : मंगलवार को निकाय चुनावों को लेकर नामांकन पत्रों की जांच की गई। पौड़ी नगर पालिका सीट से अध्यक्ष पद के लिए दाखिल सभी 6 नामांकन पत्र सही पाए गए। वहीं थलीसैंण नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए हुए दो नामांकन भी सही पाए गए।
पौड़ी पालिका अध्यक्ष पद के आरओ एवं एसडीएम पौड़ी दीपक रामचंद्र शेट ने बताया कि दाखिल सभी नामांकन पत्रों की जांच कर दी गई है। जांच में सभी नामांकन वैध पाए गए हैं। पौड़ी पालिका सीट पर भाजपा प्रत्याशी सुषमा देवी, कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा नेगी सहित निर्दलीय प्रत्याशी हिमानी नेगी, कुसुम चमोली, प्रियंका पंत थपलियाल और बीरा भंडारी ने नामांकन किया है। वहीं सभासदों के नामांकन पत्रों की जांच जारी है। नामांकन पत्रों की जांच के लिए बुधवार का दिन भी है। वहीं थलीसैंण नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए हुए दो नामांकन भी सही पाए गए। आरओ राम नगीना ने बताया कि अध्यक्ष पद के दोनों नामांकनों में कोई त्रृटि नहीं पाई गई। इस सीट पर भाजपा की विनीता नेगी और कांग्रेस से वीरा देवी ने नामांकन करवाया था।