मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढ़ग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी

Spread the love

जनपद के सात निकायों के 187 मतदान स्थलों पर 173565 मतदाता करेंगे अपने मत का प्रयोग
187 पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्र तक पहुंचाने के लिए 126 वाहन तैयार
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जिला प्रशासन ने नगर निकाय सामान्य निर्वाचन-2025 के मतदान को शांतिपूर्ण ढ़ग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली है। सभी पोलिंग पार्टियों को निर्वाचन सामग्री किट उपलब्ध करा दी गई है। सभी पोलिंग पार्टियां मतदान प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए बुधवार को निर्धारित रवानगी स्थलों से अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना होगी। जिला निर्वाचन ने बताया कि जनपद क्षेत्रांतर्गत सभी सात निकायों में कुल 01 लाख 73 हजार 565 मतदाता अपने मतदान का प्रयोग करेंगे। जिसमें 86342 महिला, 87181 पुरूष मतदाता तथा 42 अन्य मतदाता शामिल हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि नगर निकाय सामान्य निर्वाचन-2025 के मतदान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। सभी पोलिंग पार्टियों को निर्वाचन सामग्री किट उपलब्ध करा दी गई है। सभी पोलिंग पार्टियां मतदान प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए बुधवार को निर्धारित रवानगी स्थलों से अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना होगी। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव को सफलता पूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सुरक्षा कर्मियों की तैनाती कर ली गई है। कहा कि जनपद क्षेत्रांतर्गत सभी सात निकायों में कुल 107 वार्डों के लिए 128 मतदान केंद्र, जबकि 187 मतदेय स्थल बनाए गये हैं। जिसमें नगर निगम कोटद्वार 40 वार्डों के लिए 108 मतदेय स्थल व श्रीनगर 40 वार्डों के लिए 43 मतदान स्थल बनाए गये हैं। जबकि नगर पालिका परिषद पौड़ी के 11 वार्डों के लिए 20, दुगड्डा के 04 वार्डों के लिए 04 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। वहीं नगर पंचायत सतपुली, थलीसैंण व जौंक के चार-चार वार्डों के लिए चार-चार मतदेय स्थल बनाये गये हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निकाय निर्वाचन को सफलता पूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी मतदान व मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षण दे दिया गया है। कहा कि निर्वाचन में लगे सभी कार्मिकों को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा दिशा-निर्देशों से अवगत करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि पोलिंग पार्टियों को मतदान स्थल तक पहुंचाने के लिए कुल 126 चौपहिया वाहनों की व्यवस्था की गई है। परिवहन विभाग के तकनीकी अधिकारियों द्वारा सभी वाहनों के फिटनेस की जांच कर ली गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *