रुद्रप्रयाग। मद्महेश्वर-पांडवसेरा ट्रैक पर फंसे सभी ट्रैकर एवं पोर्टर सुरक्षित हैं। रविवार को मौसम खराब होने के कारण चपर न उड़ने से एसडीआरएफ की टीम रेस्क्यू नहीं कर सकी। इधर, रविवार को ही एयर फोर्स के एक हेलीकप्टर को जोशीमठ से स्टेंड बाई मोड में रखा गया है। मौसम ठीक होने पर सभी ट्रैकर एवं पोर्टरों को सुरक्षित स्थान पर लाया जाएगा। बता दें कि शनिवार को एसडीआरएफ टीम को जिला नियंत्रण कक्ष रुद्रप्रयाग से पांडवसेरा ट्रैक से 7 ट्रैकर्स एवं पोर्टरों के लापता होने की सूचना मिली थी जिस पर तत्काल एसडीआरएफ की टीम पांडवसेरा के लिए रवाना हुई। शनिवार शाम को भी एसडीआरएफ ने खोजबीन का प्रयास किया किंतु मौसम खराब रहा। जबकि रविवार को भी मौसम खराब होने के कारण रेस्क्यू नहीं हो पाया। हेलीकप्टर खराब मौसम से उड़ान नहीं भर सका। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि ट्रैकरों से रविवार को सम्पर्क हो गया है। सभी ट्रैकर एवं पोर्टर सुरक्षित हैं। उन्होंने अपनी फोटो भी साझा की है। उन्होंने बताया कि जोशीमठ से एयर फोर्स का एक हेलीकप्टर भी स्टेंड बाई मोड पर रखा गया है। जिसकी निगरानी विंग कमांडर प्रभात शुक्ला एवं दानिश कर रहे हैं। साथ ही एसडीआरएफ की टीम भी ट्रैक रूट पर रेस्क्यू का प्रयास कर रही है। बीते कई दिनों से मौसम खराब होने के कारण उच्च हिमालयी क्षेत्र में कोहरा लगा है जबकि अधिकांश समय बारिश और बर्फबारी हो रही है।
ट्रैकर व पोर्टरों के नाम- अजय सिंह, श्रीनिवासन, अजय नेगी, अरविंद नेगी, प्रेम सिंह, राकेश