रुद्रपुर()। सड़क दुर्घटना में मार गए तीन युवकों के शव लेकर परिजन दोपहर बाद प्रतापपुर पहुंचे। शाम को बूटा घाट पर तीनों का अंतिम संस्कार किया गया। एक साथ तीन चिताएं जलती देख पूरा माहौल गमगीन हो गया और हर आंख नम हो उठी। शुक्रवार को प्रतापपुर नंबर नौ में गुरुद्वारा रोड के पास एक स्कूल बस ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी थी। हादसे में प्रतापपुर वार्ड सात निवासी 27 वर्षीय देवेंद्र सिंह राणा पुत्र उमेश सिंह राणा, 35 वर्षीय राजेश सिंह राणा पुत्र पंचम सिंह राणा और 27 वर्षीय राजेश सिंह राणा उर्फ बिल्ला पुत्र दर्शन सिंह राणा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। 108 एंबुलेंस से उन्हें उप जिला चिकित्सालय लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया था। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे गए। पूर्व प्रधान सतपाल सिंह राणा ने बताया कि अंतिम यात्रा बूटा घाट पहुंची, जहां एक साथ तीनों चिताएं लगाई गईं। पूरा गांव शोक में डूबा रहा। प्रतापपुर चौकी प्रभारी राजेंद्र पंत ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।