जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : एक ओर जहां रसोई गैस की किल्लत चल रही है। वहीं अब नगर निगम में शामिल नए वार्ड के वाशिंदो ने गैस वितरण में भेदभाव करने का आरोप लगाया है। कहा कि पूर्व के 11 वार्डों में 25 दिन में सिलेंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है। जबकि, निगम में शामिल नए वार्डों में 45 दिन का समय दिया गया है।
लोगों ने इस संबंध में नगर आयुक्त पीएल शाह को ज्ञापन दिया। कहा कि नगर निगम में भाबर के साथ ही कई नए वार्ड जोड़े गए थे। सरकार ने समस्त नगर निगम को एक समान विकास का भी वादा किया था। लेकिन, आज गैस सिलेंडर किल्लत के दौरान वार्डों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। पुराने वार्डों को 25 दिन में गैस मिल रही है। जबकि, कोटद्वार की सर्वाधिक जनसंख्या को 45 दिन का समय दिया गया है। कहा कि कुछ समय पर घरों में शादी का भी सीजन शुरु होने वाला है। ऐसे में वार्डों के साथ भेदभाव करना ठीक नहीं है। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य आलोक रावत, उम्मेद सिंह रावत, मुजीब नैथानी, हरीश नेगी, सूरज प्रसाद कांति, श्रीधर प्रसाद बेदवाल आदि मौजूद रहे।