काशीपुर। गांव गोबरा निवासी महिला ने कोतवाली में तहरीर देकर गांव निवासी व्यक्ति और उसके परिवार पर मारपीट करने ओर जबरन खेत से धान की फसल काटने का आरोप लगाया है। साथ ही महिला ने बन्नाखेड़ा चौकी पुलिस पर मामले में कोई कार्रवाई नहीं करने का भी आरोप लगाया है। रविवार को गांव गोबरा निवासी रनजीत कौर पत्नी परमजीत सिंह, उत्तराखंड वाल्मीकि दलित समाज सुधार संगठन के अध्यक्ष अनिल वाल्मीकि के साथ कोतवाली पहुंची। जहां महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह खेती कर अपने परिवार का पालन पोषण करती है। 4 नवंबर को वह अपने खेत में धान की फसल की कटाई करवा रही थी। तभी पुरानी रंजिश के चलते गांव का निवासी एक व्यक्ति अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ मौके पर आ गया और उसकी पुत्री के साथ गाली गलौज और मारपीट की। इसके बाद एक एकड़ में लगी 25 क्विंटल धान की फसल काटकर अपने साथ ले गया और जान से मारने की भी धमकी दी है। महिला ने बताया कि इसकी शिकायत उसने बन्नाखेड़ा चौकी में की, लेकिन बन्नाखेड़ा चौकी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस दौरान महिला ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। वहीं अनिल वाल्मीकि ने बताया कि पुलिस चौकी में जाने के बाद भी गरीब लोगों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। न्याय नहीं मिला तो पीड़ित परिवार के साथ धरने पर बैठने को मजबूर होंगे। इस दौरान बाजपुर कोतवाली के एसआई कैलाश चंद्र नगरकोटी ने बताया कि मामले में बन्नाखेड़ा चौकी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है और जल्द ही कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।