जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने नगर निगम पर खोह नदी में सुरक्षा दीवार कार्य में नियमों की अनदेखी का आरोप लगाया है। कहा कि ट्रेंचिंग ग्राउंड की सुरक्षा व चौड़ाई बढ़ाने के लिए नदी के बीच में ही सुरक्षा दीवार का निर्माण करवाया जा रहा है। ऐसे में बरसात के समय खोह नदी से बाढ़ का खतरा बढ़ चुका है। पूर्व सैनिकों ने जल्द से जल्द व्यवस्था में सुधार करने की मांग की है।
बुधवार को समिति के सदस्य तहसील परिसर में पहुंचे। जहां उन्होंने समिति के अध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह के नेतृत्व प्रशासन के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा। पूर्व सैनिकों ने बताया कि आबादी के बीच से होकर गुजरने वाली खोह नदी प्रति वर्ष वर्षाकाल में तबाही मचाती है। 2023 में कई भवन खोह नदी के वेग में बह गए थे, जिसके कारण बाढ़ प्रभावितों को किराए के भवनों में जीवन गुजारना पड़ रहा है। बताया कि लोगों की शिकायत के बाद नगर निगम नदी के तटों पर सुरक्षा दीवार बना रहा है। लेकिन, खोह नदी में ट्रेचिंग ग्राउंड के समीप नियमों की अनदेखी कर बनाई जा रही सुरक्षा दीवार से लोगों को और अधिक बाढ़ का खतरा सताने लगा हैं। हालत यह है कि ट्रेंचिंग ग्राउंड की चौड़ाई बढ़ाने के लिए नदी के बीच से ही सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। ऐसे में चौड़ाई कम होने से नदी का पूरा वेग आबादी की ओर होगा। ज्ञापन देने वालों में ठाकुर सिंह, गोपाल सिंह नेगी, अनुसुया प्रसाद सेमवाल आदि मौजूद रहे।