अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम की टीम व व्यापारियों में हुई बहस
टीम पर लगाया जबरन दुकान के भीतर से सामान उठाने का आरोप
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर के बाजार में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को व्यापारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। व्यापारियों ने निगम पर दुकान के भीतर रखे सामान को जबरन जब्त करने का आरोप लगाया। कहा कि अतिक्रमण के नाम पर नगर निगम व्यापारियों का शोषण कर रहा है। इस दौरान व्यापारियों व निगम कर्मियों के बीच तीखी बहस भी हुई।
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे नगर निगम की टीम शहर में अतिक्रमण हटाने पहुंची। टीम ने बदरीनाथ मार्ग में रेहड़ी-ठेली जब्त करने के साथ ही रेलवे स्टेशन रोड में सड़क पर दुकान सजाने वालों का सामान जब्त किया। दुकान के बाहर से सामान उठाने के दौरान दुकान स्वामी व निगम कर्मियों के बीच हल्की झड़प भी हुई। लेकिन, निगम ने सख्ती दिखाते हुए अधिकांश व्यापारियों का सामान जब्त कर दिया था। जैसे ही नगर निगम की टीम स्टेशन रोड से आगे बढ़ी तो वहां पर व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी पहुंच गए। व्यापारियों का आरोप था कि नगर निगम सड़क पर रखे सामान को जब्त करने के बाद ही दुकान के भीतर रखे सामान को भी उठा रहा है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रवीण भाटिया ने बताया कि अतिक्रमण के नाम पर व्यापारियों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बताया कि नगर निगम शहर में रेहड़ी-ठेली लगाने वालों का भी उत्पीड़न कर रहा है। पूर्व में आश्वासन के बाद भी आज तक इनके लिए कोई स्थाई जगह चिह्रित नहीं की गई है। साथ ही नगर निगम इन्हीं से तहबाजारी भी वसूल रहा है। यदि इनसे पैसा लिया जा रहा है कि तो इन्हें जगह उपलब्ध करवाने की जिम्मेदारी भी नगर निगम की है।
ट्रैक्टर से उठाने लगे सामान
स्टेशन रोड में व्यापारियों व नगर कर्मियों के बीच चल रही बहस का फायदा उठाते हुए रेहड़ी-ठेली वाले ट्रैक्टर में जब्त सामान को उठाने का प्रयास करने लगे। निगम अधिकारियों की नजर जब उन पर पड़ी तो वह वीडियों बनाते हुए कार्रवाई की चेतावनी देने लगे। जिसके बाद रेहड़ी-ठेली वाले सामान को छोड़कर ट्रैक्टर से नीचे उतर गए। रेहड़ी-ठेली वालों ने भी निगम अधिकारियों से उन्हें स्थाई जगह उपलब्ध करवाने की मांग की।