अतिक्रमण पर भेदभाव का आरोप, व्यापारियों ने बंद रखे प्रतिष्ठान

Spread the love

व्यापार संघ ने निगम पर लगाया बाजार के व्यापारियों के उत्पीड़न का आरोप
कहा कि बाजार में अतिक्रमण हटाने से पूर्व सभी वार्डों में चिह्रित हो अतिक्रमण
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अतिक्रमण को लेकर भेदभाव का आरोप लगाते हुए व्यापारियों ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों को बंद रखते हुए नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि अतिक्रमण के नाम पर निगम को केवल बाजार क्षेत्र के व्यापारी ही नजर आते हैं। जबकि, अन्य वार्डों के अतिक्रमण को नगर निगम अनदेखा कर रहा है। ऐसे में व्यापार संघ व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रविवार देर शाम नगर निगम गोखले मार्ग में अतिक्रमण चिह्रित करने पहुंचा था। जहां व्यापारियों ने निगम की इस कार्यप्रणाली का विरोध किया। व्यापारियों का आरोप था कि नगर निगम त्योहार सीजन में ही अतिक्रमण चिह्रित करने पहुंच जाता है। जिससे व्यापारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। साथ ही अतिक्रमण के नाम पर केवल बाजार क्षेत्र के ही व्यापारी नगर आते हैं। जबकि, निगम क्षेत्र के चालीस वार्डों अतिक्रमण की जद में हैं। मौके पर पहुंचे व्यापार संघ के अध्यक्ष प्रवीन भाटिया, सचिव नवीन गोयल ने निगम पर एक तरफा कर्रवाई का आरोप लगाते हुए सोमवार को बाजार बंद करने का एलान किया। इसके बाद सोमवार सुबह से बाजार पूरी तरह बंद नजर आ रहा था। करीब दस बजे व्यापार संघ के सदस्यों व पदाधिकारियों ने झंडाचौक से तहसील तक आक्रोश रैली भी निकाली। साथ ही उपजिलाधिकारी सोहन सैनी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। व्यापार संघ के अध्यक्ष प्रवीण भाटिया ने कहा कि कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र के चालीस वार्ड पूरी तरह अतिक्रमण की जद में आए हुए हैं। लेकिन, नगर निगम को केवल बाजार क्षेत्र का ही अतिक्रमण नजर आता है। कहा कि यदि निगम वार्ड एक से चालीस तक अतिक्रमण हटाने का कार्य करता है तो व्यापारी निगम के साथ खड़े रहेंगे। लेकिन, केवल बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि निगम ने अपनी कार्यप्रणाली में बदलाव नहीं किया तो व्यापारियों का आंदोलन जारी रहेगा।

निगम की चेतावनी, जल्द हटाएं अतिक्रमण
एक ओर जहां व्यापारी अतिक्रमण हटाने का विरोध कर रहे हैं। वहीं, नगर निगम ने उच्च न्यायालय के आदेश का हवाला देते हुए गोखले मार्ग के व्यापारियों को 48 घंटे के भीतर चिह्रित अतिक्रमण को हटाने की चेतावनी दी है। नगर आयुक्त वैभव गुप्ता ने कहा कि यदि अतिक्रमणकारी स्वयं ही अपना अतिक्रमण नहीं हटाते तो नगर निगम इसे स्वयं ही ध्वस्त करेगा। जिसका व्यय भवन स्वामी से ही वसूला जाएगा। अतिक्रमण हटाने के लिए निगम की टीम भी गठित की गई है।

जनता रही परेशान
सोमवार को व्यापार मंडल की ओर से आहूत बाजार बंद होने से सबसे अधिक परेशानी विवाह समारोह का आयोजन करने वालों को उठानी पड़ी। कहीं भी सब्जी व मिठाई तक नहीं मिलने से पूरे दिन लोग इधर-उधर भटकते रहे। आवश्यक सामान खरीदने के लिए कई लोगों को नजीबाबाद की दौड़ लगानी पड़ी। वहीं, पहाड़ से आने वाले लोग भी परेशान रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *