संगठनात्मक बदलाव को लेकर अमरुत ठाकोर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से करेंगे रायशुमारी

Spread the love

अल्मोड़ा। आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक और गुजरात विधानसभा के विधायक अमरुत ठाकोर ने शनिवार को नगर के एक निजी होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि वे यहां जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के चयन प्रक्रिया को लेकर आए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस उत्तराखंड में संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं की रायशुमारी कर रही है। हर कार्यकर्ता को अपनी बात रखने का अवसर दिया जाएगा और उनकी राय को पार्टी हाईकमान के सामने रखा जाएगा। अमरुत ठाकोर ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी का मानना है कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की भावनाओं को समझने से ही संभव है। इसी दृष्टि से एआईसीसी से लेकर प्रदेश, जिला, ब्लॉक, मंडल और ग्राम स्तर तक संगठनात्मक ढांचे को पुनर्गठित किया जा रहा है। जिलाध्यक्षों की नियुक्ति भी कार्यकर्ताओं की राय के आधार पर होगी, जिसमें किसी प्रकार का दबाव नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी योग्यता और संगठनात्मक क्षमता के आधार पर दी जाएगी। ठाकोर ने बताया कि उत्तराखंड, ओडिशा, झारखंड और पंजाब में संगठनात्मक फेरबदल पायलट प्रोजेक्ट के रूप में किया जा रहा है। इसके अंतर्गत ब्लॉक स्तर पर बैठकें आयोजित होंगी, जिनकी रिपोर्ट आल इंडिया कांग्रेस कमेटी को भेजी जाएगी और उसी आधार पर आगे की रणनीति तय होगी। उन्होंने कहा कि डेढ़ साल बाद होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियां ब्लॉक स्तर से शुरू कर दी गई हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय कर पंचायत तक संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया जा रहा है। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज, विधायक मनोज तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष भगीरथ भट्ट, नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष पीताम्बर पांडे, पूर्व दर्जा मंत्री पूरन रौतेला, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पूरन बिष्ट और जिला प्रवक्ता निर्मल रावत सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *