गजब का पशु प्रेम, कुतिया ने दिया 8 बच्चों को जन्म, ग्रामीण ने खुशी में कर दिया भोज का आयोजन

Spread the love

 

महोबा, एजेंसी। उत्तर प्रदेश में महोबा जिले में पशु प्रेम का एक अनूठा मामला सामने आया है। यहां एक ग्रामीण ने उसकी पालतू कुतिया के बच्चे देने की खुशी में गां के करीब 250 लोगों के लिए भोज का आयोजन कर दिया। ग्रामीण के इस पशु प्रेम की हर कहीं चर्चा हो रही है। मामला यहां बेलाताल विकास खण्ड के अकौना गांव का है। जहां पेशे से किसान 40 वर्षीय राजेन्द्र यादव की पालतू कुतिया चम्पी ने पिछले दिनों एक साथ आठ बच्चों को जन्म दिया था। घर में आठ पपी आने पर परिवार के लोग खासे उल्लसित थे। यही वजह रही कि राजेन्द्र ने बुधवार को खास समारोह का आयोजन किया जिसमे किसान के परिजन एवं रिश्तेदार के साथ ग्रामीण सम्मलित हुए।

राजेन्द्र ने इस मौके पर कुंआ पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जिसमें कुतिया को महावर आदि लगा कर न सिर्फ सजाया संवारा गया बल्कि उसे गांव में चंगेल भी घुमाया , जहां बैंड बाजों ओर डीजे की धुनों पर ग्रामीणों ने जमकर नृत्य किया। परंपरागत तरीके से सभी रस्म निर्वहन होने के उपरांत यहां करीब 250 लोगों की दावत भी हुई जिसमे विभिन्न प्रकार के लजीज पकवान परोसे गए।

अकौना की ग्राम प्रधान उमा देवी कुशवाहा ने बताया कि गांव में अपनी तरह के इस अनूठे आयोजन में सभी लोगों से पूरे जोश-खरोश के साथ शिरकत की। ग्रामीणों ने किसान राजेन्द्र यादव के पशु प्रेम को जमकर सराहा। उधर किसान राजेन्द्र ने कहा कि उसकी पालतू कुतिया बेजुबान पशु अवश्य है किंतु अपने आचरण से पूरे घर की चहेती है। परिवार के सभी सदस्य उससे बहुत प्रेम करते हैं और घर का सदस्य मानते है। यही वजह रही कि उसके बच्चे होने पर परिवार ने जश्न का आयोजन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *