जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : निकाय चुनाव में किस्मत आजमा रहे प्रत्याशियों का भविष्य मतपेटियों में बंद हो गया है। गुरूवार को नगर निगम कोटद्वार, नगर निगम श्रीनगर, नगर पालिका पौड़ी, दुगड्डा, नगर पंचायत सतपुली, थलीसैंण, स्वार्गाश्रम में शहर की सरकार चुनने के लिए युवा, बुजुर्ग, दिव्यांग से लेकर महिलाओं और पुरुषों में गजब का उत्साह देखने को मिला। अपने मत का प्रयोग करने के लिए ठंड की चिंता छोड़ युवाओं के साथ ही बुजुर्ग सुबह ही घर से निकले और लाइनों में लगकर मतदान किया। कुछ केंद्रों को छोड़ दे तो अधिकतर केंद्रों पर देर शाम तक वोटरों की लाइन लगी रही। व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन की टीमें भी मुस्तैद दिखी।
शहर की सरकार चुनने के लिए युवा, बुजुर्ग, दिव्यांग से लेकर महिलाओं और पुरुषों ने गजब का उत्साह देखने को मिला। गुरुवार को नगर निगम और नगर पंचायत के लिए साफ सुथरी सरकार चुनने को और अपनी पसंद का मेयर और अध्यक्ष चुनने के लिए लोगों ने सुबह अपने सारे काम छोड़ वोट देना जरूरी समझा। नगर निकाय चुनाव की मतदान प्रक्रिया को पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने को लेकर जनपद की सात निकायों में कुल 107 वार्डों के लिए 128 मतदान केंद्र, जबकि 187 मतदेय स्थल बनाए गये हैं। गुरुवार सुबह से ही बूथों पर मतदान करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी हुई थी। युवाओं से लेकर बुजुर्गों में मतदान को लेकर काफी उत्साह दिखाई दिया। शाम पांच बजे उपरांत मतदान केंद्रों के मुख्य दरवाजें बंद कर दिए गए। इसके बाद भी केंद्र के भीतर मतदाता घंटों लाइन में खड़े होकर मतदान का इंतजार करते नजर आए। प्रशासन की टीम भी लगातार केंद्रों का दौरा करती रही। आमजन से मतदान को शांति पूर्वक संपन्न करवाने की अपील की जा रही थी।
सतपुली नगर पंचायत में 73 प्रतिशत हुआ मतदान
जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : नगर पंचायत सतपुली के मतदान केंद्रों में करीब 73 प्रतिशत मतदान हुआ। लगभग 2767 मतदाताओं में से 2031 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया गया। सतपुली नगर पंचायत में अध्यक्ष और वार्डों में कांग्रेस और बीजेपी प्रत्याशियों के बीच सीधे टक्कर है। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 1 में कुल वोटर 659 में 234 महिला, 228 पुरुष, वार्ड नंबर 2 में 1193 वोटर में से 436 महिला, 436 पुरुष, वार्ड नंबर 3 में 601 वोटर में से 183 महिला, 261 पुरूष, वार्ड नंबर 4 में 314 वोटर में से 124 महिला, 128 पुरूष मतदाता ने अपने मत का प्रयोग किया। 2767 में से कुल मतदान 2031 मतदाताओं ने वोट दिया, याने 73 प्रतिशत मतदादातों ने शहर की सरकार चुनने के लिए वोट किया। 25 जनवरी को सतपुली इंटर कॉलेज में मतगणना की जाएगी। सभी प्रत्याशियों का भविष्य मतपेटियों में सुरक्षित हो गया है। सभी मतपेटियां इंटर कालेज सतपुली में प्रशासन द्वारा कड़ी सुरक्षा में सुरक्षित रखी गई है।