प्रभास की स्पिरिट में अमेरिकन इंडियन एक्ट्रेस ऐश्वर्या देसाई की एंट्री, रणवीर की फिल्म में भी आ चुकी हैं नजर

Spread the love

पैन इंडिया स्टार प्रभास इन दिनों अपनी फिल्म स्पिरिट को लेकर सुर्खियों में हैं, जिसमें प्रभास के साथ तृप्ति डिमरी लीड रोल में नजर आने वाली हैं। फिल्म में पहले दीपिका पादुकोण लीड रोल में थीं, लेकिन निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा से कथित मतभेद के बाद वह फिल्म से अलग हो गईं। अब फिल्म को लेकर एक नया अपडेट सामने आया है, जिससे प्रशंसकों के बीच उत्साह चरम पर पहुंच गया है। बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबेरॉय भी इस मेगा बजट प्रोजेक्ट से जुड़ गए हैं। हाल ही में मेकर्स ने उनका पहला लुक जारी किया। उनके पहले लुक ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त हलचल मचा दी है। लेकिन, अब उनसे ज्यादा चर्चा नए पोस्टर में नजर आ रही एक्ट्रेस की हो रही है। पोस्टर में ऐश्वर्या देसाई भी नजर आ रही हैं, जिनकी अब हर तरफ चर्चा है। तो चलिए जानते हैं इस नई-नवेली एक्ट्रेस के बारे में।
स्पिरिट के नए पोस्टर में विवेक ओबेरॉय के साथ नजर आईं एक्ट्रेस ऐश्वर्या देसाई की बात करें तो वह एक भारतीय-अमेरिकी मॉडल हैं। ऐश्वर्या ने पहले मॉडलिंग की दुनिया में नाम कमाया और फिर अभिनय की दुनिया में कदम रखा। इससे पहले वह वह रणवीर सिंह की फिल्म गली बॉय में भी नजर आ चुकी हैं और साथ ही उन्होंने रैट इन द किचन नाम की एक शॉर्ट फिल्म में भी काम किया है, जिसके लिए उन्हें पुरस्कार भी मिला। अभिनय में आने से पहले, ऐश्वर्या देसाई ने मैरीलैंड विश्वविद्यालय से मार्केटिंग में ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की थी।
ऐश्वर्या देसाई सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव हैं और आए दिन नए-नए पोस्ट साझा करती रहती हैं। उनकी इंस्टाग्राम बायो की बात करें तो उन्होंने खुद को एक मॉडल, एक्ट्रेस, ब्यूटी एक्सपर्ट और लाइफस्टाइल क्रिएटर बताया है। इंस्टाग्राम पर उनके 36,000 फॉलोअर्स हैं। वह सोशल मीडिया पर अपनी मॉडलिंग की तस्वीरें पोस्ट करती हैं, जिन्हें उनके प्रशंसक खूब पसंद करते हैं।
स्पिरिट में ऐश्वर्या के किरदार की बात करें तो कहा जा रहा है कि उनका किरदार कहानी में अहम भूमिका निभाएगा और फिल्म को एक नया आयाम देगा, हालांकि उनके किरदार को लेकर फिलहाल कोई और जानकारी नहीं है। ब्लॉकबस्टर फिल्म एनिमल के बाद, निर्माता भूषण कुमार और निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा अब स्पिरिट को और भी भव्य पैमाने पर पेश करने की तैयारी कर रहे हैं। संदीप रेड्डी वांगा द्वारा निर्देशित फिल्म स्पिरिट में प्रभास लीड रोल में हैं और उनके साथ तृप्ति डिमरी मुख्य भूमिका में हैं। प्रकाश राज भी फिल्म में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यह फिल्म पूरे भारत में आठ भाषाओं में 5 मार्च 2027 को रिलीज होने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *