नदियों के बढ़े जलस्तर के बीच युवाओं की मनमानी पड़ न जाए भारी, व्यायाम के लिए दांव पर लगा रहे जिंदगी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: इन दिनों कोटद्वार क्षेत्र में नदी-नाले उफान पर हैं। लगातार हो रही बारिश के चलते नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। प्रशासन लगातार लोगों को अलर्ट रहने की चेतावनी दे रहा ह। लेकिन, प्रशासन की अपील के बीच कुछ ऐसी तस्वीरें भी सामने आ रही हैं, जो चिंता बढ़ा रही हैं। अलर्ट के बाद भी लोग नदी नालों के बीच जाने से बाज नहीं आ रहे।
कण्वाश्रम मालिनी नदी के बीच अब भी कई युवा सुबह योग व व्यायाम करने पहुंच रहे हैं। ऐसे में अचानक उफान पर आने वाले नदी कब उनकी जिंदगी पर भारी पड़ जाएं कुछ कहा नहीं जा सकता। रविवार सुबह पुलिस ने अभियान चलाकर कई युवाओं को नदी से बाहर भगाया। दरअसल, कोटद्वार व आसपास के क्षेत्र में लगातार हो रही वर्षा से नदी व गदेरे उफान पर बने हुए हैं।

पिछले 15 दिन में हुई 4 लोगों की मौत
पिछले 15 दिन के भीतर खोह नदी में डूबने से चार युवकों की मौत भी हो चुकी है। बावजूद क्षेत्रवासी नदी के बीच जाने से नहीं रुक रहे। रविवार सुबह कई युवा कण्वाश्रम स्थित मालिनी नदी के बीच पहुंचकर योगाभ्यास व व्यायाम कर रहे थे। अपने बेहतर स्वास्थ्य की चिंता कर रहे यह युवा नदी के बीच पहुंचकर जिंदगी दांव पर लगा रहे हैं।

पुलिस की चेतावनी के बाद भी कर रहे मनमानी
दरअसल, पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही वर्षा से नदियां कब उफान पर आ जाएं कुछ कहा नहीं जा सकता। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवाओं को नदी से बाहर निकलने की चेतावनी दी। पुलिस के चले जाने के बाद कई युवा दोबारा नदी में प्रवेश कर गए। इन अनदेखी और मनमानी की वजह से बात जिंदगी पर आ पड़ती है। एडवेंचर और प्रकृति का लुफ्त उठाने के चलते लोग अक्सर सुरक्षा को दरकिनार कर देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *