…और फरियादियों का इंतजार करते रह गए अधिकारी

Spread the love

मंगलवार को कोटद्वार तहसील में आयोजित तहसील दिवस में नहीं पहुचे फरियादी
जयन्त प्रतिनिधि
कोटद्वार। भले ही शासन की ओर से अधिकारियों को तहसील दिवस में जन समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए गए हों, लेकिन धरातल पर प्रचार प्रसार नहीं होने से आमजन तहसील दिवस में नहीं पहुंच पा रहा है। कुछ ऐसा ही हाल मंगलवार को कोटद्वार में भी देखने को मिला। जहां तहसील दिवस की जानकारी नहीं होने से फरियादी नहीं पहुंच पाए। अधिकारी पूरे दिन फरियादियों का इंतजार करते रहे।
जन समस्याओं के निराकरण के लिए तहसील दिवस का आयोजन किया जाता है, लेकिन प्रचार-प्रसार नहीं होने से लोगों को तहसील दिवस की तिथि के बारे में पता ही नहीं चलता। मंगलवार को सुबह से ही विभिन्न विभागों के अधिकारी तहसील सभागार में फरियादियों के आने का इंतजार करते रहे, लेकिन घंटों बाद भी फरियाद तहसली में नहीं पहुंचे। क्षेत्रवासी रामेश्वर सिंह ने बताया कि प्रशासन की ओर से आयोजित होने वाला तहसील दिवस केवल खानापूर्ति ही है। पूर्व में जितनी भी समस्याएं क्षेत्रवासियों ने प्रशासन के समक्ष रही उनके निस्तारण को भी गंभीरता नहीं दिखाई गई। ऐसे में आम जन का तहसील दिवस से ही मन भर गया है। काफी लंबे समय बाद हुए तहसील दिवस के बारे में भी प्रशासन ने आमजनता को कोई सूचना नहीं दी। कहा कि जनता की समस्याओं के निराकरण को होने वाले तहसील दिवस का एक सप्ताह पूर्व प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए। साथ ही शासन को अधिकारियों को जनसमस्याओं को गंभीरता से लेने के निर्देश देने चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *