– पूर्व सीएम हरीश रावत ने किया आगंनबाड़ी कार्यकर्ताओं को समर्थन
देहरादून(। उत्तराखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ ने राज्य कर्मचारी घोषित करने, ग्रेज्युटी, पेंशन भविष्य निधि और स्वास्थ्य सेवाओं की मांग को लेकर सचिवालय कूच किया। प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने सचिवालय से पहले ही बैरिकेडिंग लगाकर रोक लिया। इससे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने धरने में पहुंचकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का समर्थन किया। सोमवार को उत्तराखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश अध्यक्ष सुशीला खत्री के नेतृत्व में प्रदेशभर से आई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका ने परेड ग्राउंड में एकत्रित हुए। इसके बाद उन्होंने सचिवालय कूच किया। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। प्रदेश अध्यक्ष सुशीला खत्री ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के पास अपने काम के अतिरिक्त बीएलओ का भी काम है। काम अधिक होने के बाद भी कार्यकर्ताओं को जो मानदेय दिया जाता है वह बहुत कम है। उनके मानदेय को बढ़ाया जाना चाहिए। चूना भट्ठा निवासी कुसुम ने बताया कि 15 साल से सहायिका के पद पर काम कर रहीं हैं। इतने साल बीत जाने के बाद भी उन्हें केवल 5 हजार मानदेय दिया जाता है। समय के साथ उनपर जिम्मेदारियां तो बढ़ी है लेकिन मानदेय इतना ही बढ़ सका है। उन्होंने बताया कि भवन किराया के लिए सरकार की ओर से हजार रूपए दिए जाते हैं। इसके बाद भी कार्यकर्ताओं को अपने खर्चे पर आंगनबाड़ी केंद्र चलाना पड़ता है। रायवाला की आशा सेमवाल ने बताया कि 12 सालों से आंगनबाड़ी केंद्र में काम कर रहीं है। बेटी की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर है। छूट्टी के दिन भी काम करना पड़ता है। इसके बाद भी न स्वास्थ्य सुविधाएं हैं और न ही मानदेय में वृद्धि की जा रही है। प्रदर्शन के दारौन निदेशक और डीपीओ जितेंद्र कुमार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से ज्ञापन लेकर उन्हें आश्वासन दिया कि मंगलवार को बैठक की जाएगी।