आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां स्वच्छता अभियान की सशक्त वाहक, घर-घर पहुंचा रही जागरुकता का संदेश

Spread the love

आंगनबाड़ी से कार्यालयों तक स्वच्छता और शपथ का व्यापक अभियान
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के नेतृत्व में जनपद पौड़ी गढ़वाल में 26 जनवरी से 26 फरवरी 2026 तक विशेष, व्यापक एवं सहभागितापूर्ण स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानकर जनभागीदारी से जुड़ा एक सतत सामाजिक आंदोलन बनाना है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि अभियान के तहत आंगनबाड़ी परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई के साथ-साथ ग्रामीणों, महिलाओं एवं अभिभावकों को स्वच्छता के प्रति जागरुक करते हुए स्वच्छता की शपथ दिलायी जा रही है। वहीं जनपद एवं ब्लॉक स्तर पर स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालयों में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सफाई अभियान संचालित कर स्वच्छता की शपथ ली जा रही है, जिससे स्वच्छ वातावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को बल मिल सके। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां स्वच्छता अभियान की सशक्त वाहक बनकर जनपद में जागरुकता का संदेश घर-घर तक पहुंचा रही हैं। सभी का प्रयास है कि स्वच्छता की यह पहल केवल अभियान तक सीमित न रहकर लोगों की जीवनशैली का हिस्सा बने। जिलाधिकारी ने कहा कि यह अभियान केवल एक माह की गतिविधि नहीं है, बल्कि स्वच्छ, स्वस्थ एवं पर्यावरण के प्रति संवेदनशील समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर चलने वाला प्रयास है। उन्होंने बताया कि अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए प्रत्येक विकासखंड में नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है तथा कूड़ा संग्रहण एवं निस्तारण व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 26 फरवरी के बाद भी स्वच्छता अभियान की यह पहल निरंतर जारी रहेगी, ताकि जनपद में स्वच्छता को स्थायी आदत के रूप में स्थापित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *