नहीं बनी सुरक्षा दीवार, शासन-प्रशासन पर फूटा गुस्सा

Spread the love

ध्रुवपुर के लोगों ने तहसील में पहुंचकर किया प्रदर्शन
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पूर्व में आश्वासन के बाद भी सुखरौ नदी में बाढ़ सुरक्षा कार्य नहीं होने पर ध्रुवपुर के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन करते हुए जल्द बाढ़ सुरक्षा योजना बनाने की मांग की है। कहा कि जन हित को देखते हुए वन विभाग से चैकडैम बनाने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र लिया जाना चाहिए।
सोमवार को ध्रुवपुर के वाशिंदों ने तहसील में पहुंचकर प्रदर्शन किया। वार्डवासियों ने बताया कि सुखरौ नदी के पुल से चार सौ मीटर उत्तरी क्षेत्र व तीन सौ मीटर दक्षिणी क्षेत्र में लगातार नदी से कटाव हो रहा है। जिसके कारण ध्रुवपुर, सिम्मलचौड़, नयागांव व बलभद्रपुर में बरसात के दौरान जानमाल का खतरा बना हुआ है। गत वर्षाकाल में भी क्षेत्र को नदी से भारी नुकसान झेलना पड़ा। सुखरो नदी अपने मूल स्थान से आबादी की ओर बहने लगी है। पूर्व में विधानसभा अध्यक्ष व विभागीय अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया था। लेकिन, इसके बाद भी बाढ़ से बचाव का कार्य नहीं किया गया। कहा कि क्षेत्र वन विभाग के अंतर्गत बताकर अधिकारी अपना पल्ला झाड रहे हैं। ऐसे में यदि जल्द बाढ़ सुरक्षा कार्य नहीं करवाए गए तो आबादी को जान-माल का नुकसान होगा। समस्या के संबंध में लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों से भी मुलाकात की। इस मौके पर रमेश बिष्ट, विजय पाल सिंह नेगी, संजय सिंह पंवार, राकेश सिंह, गोपाल दास, संतोष भारद्वाज, संजय कुमार, अनीता देवी, हेमा देवी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *