बाढ़ सुरक्षा दीवार नहीं बनने पर जताया रोष

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पनियाली गदेरे के आसपास बाढ़ सुरक्षा दीवार का निर्माण नहीं होने पर शिवपुर, आमपड़ाव व मानपुर के लोगों ने रोष व्यक्त किया है। कहा कि वर्षाकाल में पनियाली गदेरे के उफान में होने से नुकसान की संभावना है। जनता के हित को देखते हुए जल्द से जल्द सुरक्षा दीवार का निर्माण करवाया जाना चाहिए।
जनाधिकार मंच की ओर से विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण को इस संबंध में ज्ञापन दिया गया। मंच के अध्यक्ष आशाराम ने कहा कि वर्षाकाल में पनियाली गदेरा उफान पर रहता है, जिससे शिवपुर, आमपड़ाव, मानपुर क्षेत्र के लोगों को खतरा बना हुआ है। वर्षाकाल में हर साल लोगों को नुकसान झेलना पड़ता है। वर्ष 2020 में पनियाली गदेरे में आधा अधूरे पुस्तों का निर्माण करवाया गया था। लेकिन, बीते वर्ष आई आपदा में पुश्ते बह गए। प्रशासन की तरफ से पनियाली गदेरे के निकट बसे लोगों के मकान भी खाली करवाए गए थे। इस दौरान एक महिला भी बह गई। साथ ही एक मकान भी गदेरे की भेंट चढ़ गया। अतिक्रमण चिह्नित करते हुए प्रशासन ने लाल निशान भी लगाए थे। वर्ष 2023 में आई आपदा के चलते गदेरे से लगी भूमि भी बह गई थी। पनियाली गदेरे से होने वाले नुकसान से बचाव के लिए बाढ़ सुरक्षा दीवार का निर्माण करवाया जाना जरूरी है। उन्होंने संबधित विभाग के अधिकारियों को बाढ़ सुरक्षा दीवार का निर्माण वर्षाकाल से पूर्व करवाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *