पालिका प्रशासन पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

Spread the love

श्रीनगर नगर निगम बनाने के निर्णय का किया विरोध
जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर को नगर निगम में शामिल किए जाने पर फरासू, कलियासौड़ व डुंगरीपंथ के ग्रामीणों ने विरोध जताया। गांवों में नगर निगम की अधिसूचना की प्रति चस्पा करने गई नगर पालिका प्रशासन की टीम को ग्रामीणों का गुस्सा झेलना पड़ा। इससे पूर्व टीम को गहड़ व स्वीत गांव के लोगों के आक्रोश का भी सामना करना पड़ा था। ग्रामीणों ने टीम को गांव में अधिसूचना की प्रतियां चस्पा नहीं करने दी। जिससे टीम को बैरंग लौटना पड़ा। ग्रामीणों ने कहा कि वह नगर निगम में शामिल नहीं होना चाहते हैं।

नगर पालिका के स्वच्छता निरीक्षक शशि पंवार के नेतृत्व में पालिका प्रशासन की टीम रविवार सांय को फरासू, कलियासौड़ व डुंगरीपंथ गांव के लोगों को विधिवत नगर निगम में शामिल होने की सूचना देने को लेकर पालिका प्रशासन की टीम गांवों में गई। लेकिन टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। कलियासौड़ की प्रधान सावित्री देवी, फरासू की प्रधान सुरभि रावत का कहना है कि नगर निगम में शामिल होने से ग्रामीणों को कई तरह की दिक्कतें आएंगी। कहा कृषि व्यवसाय के साथ मनरेगा के कार्यों पर इसका गहरा प्रभाव पड़ेगा। कहा यह सरकार की मनमानी है कि वह जबरन ग्राम सभा को नगर निगम में शामिल कर रही है। हाल में नगर निगम में शामिल नहीं होना चाहते हैं। कहा यदि शासन-प्रशासन जबरन उन्हें नगर निगम में शामिल कराता है तो लोग उग्र आंदोलन करने को भी तैयार हैं। इधर नगर पालिका के स्वच्छता निरीक्षक शशि पंवार से इस संदर्भ में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि पालिका के अधिशासी अधिकारी के निर्देश पर पालिका प्रशासन की टीम स्वीत व गहड़ गांव में नगर निगम बनाए जाने की अधिसूचना की प्रतियां चस्पा करने को गई थी। जिस पर ग्रामीणों ने अपना विरोध जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *