नवनिर्मित भवन से महाविद्यालय का संचालन नहीं होने पर रोष

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जयहरीखाल के अंतर्गत खैरासैण में नवनिर्मित भवन में महाविद्यालय का संचालन नहीं होने पर बदलपुर विकास समिति ने रोष व्यक्त किया है। कहा कि कई बार शिकायत करने के बाद भी इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा। जबकि, करोड़ों की लागत से भवन का निर्माण करवाया गया है।
समिति के अध्यक्ष मनोहर लाल खंतवाल की ओर से मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में कहा गया कि 3.06 करोड़ की लागत से खैरासैंण में महाविद्यालय भवन बनकर तैयार हो गया है। लेकिन, विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के चलते महाविद्यालय अभी भी सतपुली में एक किराए के भवन पर संचालित हो रहा है। कहा कि क्षेत्र के कुछ लोग महाविद्यालय के स्थानांतरण में रोड़ा अटका रहे हैं। कहा कि महाविद्यालय के भवन के लिए ग्रामीणों ने अपने काश्त की 40 नाली भूमि दान दी थी। महाविद्यालय के नए भवन को बने हुए एक वर्ष से भी अधिक समय हो गया है। लेकिन, अभी तक महाविद्यालय को नए भवन में स्थानातंरित न किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। समिति के लोगों ने शीघ्र ही नए नवनिर्मित भवन में महाविद्यालय को स्थानांतरित करने की मांग की है। मांगें न माने जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन भेजने वालों में कनिष्ठ प्रमुख अनुभा रावत, राजेंद्र सिंह रावत, सुरेंद्र सिंह, आलम सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *